महोबा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद महोबा के 1,16,236 किसानों के बैंक खातों में 23 करोड़ 24 लाख 72 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। शुक्रवार को आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के बनासकांठा से आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान देशभर के 9.34 करोड़ किसानों के खातों में लगभग 18,960 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान निधि भेजी गई।
इस अवसर पर जिला सेवायोजन सभागार में पीएम किसान उत्सव दिवस के साथ जनपद स्तरीय रबी कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार और वरिष्ठ समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को सरकार की ओर से संचालित कृषि कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।
वरिष्ठ समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी ने किसानों को स्वयं बीज तैयार करने, बीज उत्पादन बढ़ाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने पर उत्पादन के साथ किसानों की आय में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
ग्रामोन्नति संस्थान के सलाहकार रुद्रप्रताप मिश्रा ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के फायदों की जानकारी देते हुए रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की अपील की। वहीं एनबीआरआई लखनऊ के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. रामसेवक चौरसिया ने रबी की फसलों में लगने वाले रोगों, उनकी पहचान और बचाव के प्रभावी तरीकों के बारे में विस्तार से बताया।
उप कृषि निदेशक राम सजीवन ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सोलर पंप, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, सोलर फेंसिंग, गौ-आधारित प्राकृतिक खेती और कृषि यंत्रीकरण जैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने जनपद में बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता के बारे में बताया। साथ ही भूमि संरक्षण विभाग की खेत तालाब योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी डॉ. हरि प्रकाश नामदेव ने किया। उन्होंने किसानों को रबी फसलों में बीज उपचार, कीट नियंत्रण और बेहतर फसल प्रबंधन के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि समय पर बीज उपचार और कीटों की रोकथाम से फसल को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।
इस मौके पर वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए सियाराम गुप्ता, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी रामजी गुप्ता सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और जनपद के सैकड़ों किसान मौजूद रहे। गोष्ठी के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
News Wani
