फतेहपुर। धार्मिक, मिल्ली, सामाजिक एवं इस्लाही सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए काजी-ए-शहर एवं मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी मुफ्ती मोहम्मद शहाबुद्दीन मिस्बाही को प्रतिष्ठित नूरी मिल्लत अवार्ड से नवाजा गया।
नूरी मिल्लत के मुबारक उर्स के अवसर पर जामिया अहसनुल बरकात निसवां, ललौली में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। हजरत सैयद हसन मियां वास्ती, मसौली शरीफ एवं हजरत सैयद गुलाम रसूल मियां, सरैया शरीफ ने अपने मुबारक हाथों से उन्हें अवार्ड प्रदान किया।
समारोह में जामिया के सरपरस्त-ए-आला हजरत कारी हुसैन, मुफ्ती शहाबुद्दीन मिस्बाही के उस्ताद-ए-मुहतरम मौलाना हबीबुर्रहमान, मौलाना मोहम्मद रजा, मौलाना अब्दुल गफ्फार, जामिया अहसनुल बरकात के प्रिंसिपल एवं शेखुल हदीस मुफ्ती जलालुद्दीन, मौलाना मोहम्मद रेहान और मौलाना मोहम्मद नौशाद अजहरी सहित जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उलमा-ए-किराम, हाफिज, बुद्धिजीवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित उलमा और गणमान्य लोगों ने मुफ्ती शहाबुद्दीन मिस्बाही की धार्मिक, मिल्ली, सामाजिक एवं इस्लाही सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में धार्मिक मार्गदर्शन, आपसी सौहार्द और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए उनका योगदान सराहनीय है।
सम्मान प्राप्त करने पर मुफ्ती शहाबुद्दीन मिस्बाही ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उनके असातिजा (गुरुजनों), मशायख और बुजुर्गों की दुआओं, मार्गदर्शन एवं तरबियत का नतीजा है। उन्होंने इस सम्मान के लिए आयोजकों, बुजुर्गों और समारोह में उपस्थित सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया।
साथ ही उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला इस सम्मान को दीन और मिल्लत की खिदमत के लिए और अधिक प्रेरणा का जरिया बनाए।
News Wani
