खंडवा नगर में आसपास के कब्रिस्तान में कब्रें खोदने की सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। शहर के बड़ा कब्रिस्तान पर एक ही रात में तीन महिलाओं की कब्रें खोद दी गई। शहर से करीब सात किलोमीटर दूर सिहाड़ा गांव में भी दो पुरुषों व एक महिला की कब्रें खोदने का मामला सामने आया है। कब्र के पास इत्र, गुलाबजल की खाली बोतलें व टॉर्च मिली हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि तंत्र-मंत्र के लिए कब्रें खोदी गई हैं। कब्रों में दफनाए गए शवों के पैर के नाखून निकालने की भी आशंका है।
दुआ करने आया तो खुली थी मां की कब्र
मोहम्मद आरिफ ने बताया कि शुक्रवार को मां की मौत हुई थी। उन्हें बड़ा कब्रिस्तान में दफनाया गया था। यह मंगलवार को मां की कब्र पर दुआ करने आया था। यहां देखा तो मां की कब्र पैर की तरफ से खुदी हुई थी। चटाई बाहर थी और फर्शी भी निकली हुई थी। पहले लगा कि किसी जानवर ने कर दी होगी, लेकिन दो अन्य परिवार के लोग भी आए, जिनकी मां की कब्र इसी तरह से किसी ने खोद दी थी। वह भी पैरों की तरफ से ही खोदी गई थी।
कब्रें नई, तांत्रिक क्रिया की आशंका
कब्रिस्तान कमेटी के कोषाध्यक्ष ने बताया कि कब्रिस्तान में कर्बे खोदने का काम करने वाले अब्दुल रहमान का फोन आया कि कुछ कब्रें ऐसी हैं जो कुछ दिन पहले की हैं। ये तीन कब्रें खुली हुई हैं। तांत्रिक क्रिया की आशंका है। इस बारे में पुलिस अधिकारियों को बताया।
एक कब्र के निकट मिले इत्र, टॉर्च और गुलाबजल
सिहाड़ा में भी कब्रिस्तान के अंदर तीन कब्रें खोदी गई हैं। शहर की तरह यहां भी कब्रें पैरों की तरफ से ही खोदी गई हैं। यहां एक कब के पास टॉर्च, इत्र व गुलाबजल की खाली बोतल मिली है। थाने में शिकायत कर कब्रें खोदने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली और मोघट थाना क्षेत्र के दो कब्रिस्तानों में छह कब्रें खोदकर छेड़छाड़ करने की घटना सामने आई है। जिसमें चार महिलाओं व दो पुरुषों की कब्रें हैं। इनके शव दफनाए हुए अधिक समय नहीं हुआ है, यह बात परिवार ने बताई है। दोनों क्षेत्रों में हुई घटना में केस दर्ज कर जाँच की जा रही है।