केदारनाथ पैदल मार्ग पर 3 तीर्थयात्रियों की मौत: 8 लोग घायल

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर पत्थर गिरने से तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है। इस हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। यात्री गौरीकुंड से 3 किलोमीटर दूर चिड़वासा में बने पैदल मार्ग से केदारनाथ धाम की तरफ जा रहे थे, जब वे सुबह करीब 7:30 बजे पत्थरों की चपेट में आ गए। हादसे की जानकारी रुद्रप्रयाग डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट के नंदन सिंह रजवार ने दी है। रजवार ने बताया कि मरने वालों में महाराष्ट्र के नागपुर से किशोर अरुण परते, जालना के सुनील महादेव काले और रुद्रप्रयाग के अनुराग बिष्ट शामिल हैं।

SDRF की टीमों ने हादसे के बाद मलबे से 8 लोगों का रेस्क्यू किया। ये सभी घायल थे, इन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग ने भी उत्तराखंड में अगले 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुमाऊं क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट और गढ़वाल क्षेत्र के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 21 जुलाई को चंपावत, नैनीताल व उधमसिंह नगर में रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून समेत प्रदेश के बाकी जनपदों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.