सगे मौसा ने किया बच्ची से रेप: फोन कर बोली- मम्मी हमें बचा लो

 

कानपुर में सगे मौसा ने 12 साल की भतीजी के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद मौके से फरार हो निकला। इधर, बच्ची ने हालत बिगड़ने पर घर वालों को सूचना दी। पीड़िता ने अपनी मां को फोन पर बताया कि मौसा ने गलत काम किया है। आप लोग जल्दी घर आ जाओ। पीड़िता के भाई ने बताया- बहन के फोन आते ही हम लोग घर पहुंचे। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद हम लोग पुलिस स्टेशन आए। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है।

मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है।  पीड़िता के घर वालों ने बताया- जालौन में हमारे रिश्तेदार की मौत हो गई थी। 20 जुलाई को वहां तेरहवीं थी। सभी लोग वहां गए थे। घर पर सगे मौसा को देखरेख के लिए छोड़ दिया गया था। देर रात हो गई थी, इसलिए घर वाले घर नहीं लौट सके। बच्ची के घर वालों ने बताया- मौसा की उम्र 60 साल है। वह ऐसी घटना को अंजाम देगा, यह सोचा भी नहीं था। हमारी बच्ची ने बताया कि वह सो गई थी।

इसके बाद मौसा उसके साथ गलत काम करने पहुंच गया। वो उसे धमकाने लगा कि किसी को बताया तो जान से मार देगा। मौका पाते ही बेटी ने हम लोगों को फोन किया। वो बहुत रो रही थी। इसके बाद हम लोग घर पहुंचे। तब उसने पूरी बात बताई। बेटी ने बताया- बाबा ने रात में उसके साथ गलत काम किया है। उसे पेट में बहुत दर्द हो रहा है। प्राइवेट पार्ट से ब्लीडिंग भी हो रही है। यह सुनते ही मां और पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में दंपती बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां उसका इलाज कराया गया। इसके बाद आरोपी मौसा के खिलाफ कल्याणपुर थाने में तहरीर दी।

एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय ने बताया- आरोपी मौसा के खिलाफ रेप, पाक्सो एक्ट और धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है। मामले की जानकारी मिलते ही आरोपी को अरेस्ट भी कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। वहीं, पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.