पत्नी ने बुलाई पुलिस नाराज हुआ पति, फंदे से लटक कर दे दी जान

आागरा के नगला गूलर, जगदीशपुरा में पति से विवाद के बाद पत्नी ने पुलिस बुला ली। पुलिसकर्मी दंपती का विवाद होने के कारण समझाकर चले गए। इसके बाद दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। पत्नी ने परिजनों को बुलाया और उनके साथ मायके चली गई। पति ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। नगला गूलर निवासी सोनू  पेंट का काम करता था। 10 महीने पहले ही उसकी शादी थाना शाहगंज क्षेत्र के शिवनगर निवासी पूजा से हुई थी। परिजन ने बताया कि सोनू का पत्नी से आए-दिन झगड़ा होता था। बृहस्पतिवार सुबह काम पर नहीं गया। पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। पत्नी ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस बुला ली।

मौके पर पहुंची पुलिस सोनू को समझाकर चली गई। पुलिस के जाते ही फिर से विवाद होने लगा। पत्नी ने नाराज होकर परिजन को बुला लिया। देर रात उनके साथ मायके चली गई। पत्नी के जाने के बाद रात 3 बजे सोनू ने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी। शुक्रवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक आनंदवीर सिंह ने बताया कि पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसके बाद युवक ने फांसी लगाई है। जांच की जा रही है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.