पत्नी को बताया बहन: कुंवारा बन अमेरिकी से की दोस्ती, प्रेग्नेंट वाइफ ने खोला राज

अजमेर: राजस्थान के अजमेर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर एक शख्स ने अपनी पत्नी को बहन बताकर अमेरिकी महिला से दोस्ती की। इसके बाद उसने शादी का वादा कर संबंध भी बनाए। आरोप है कि खुद को अविवाहित बताकर उसने कई महीनों तक यौन शोषण किया। जब सच्चाई सामने आई तो विदेशी महिला के होश उड़ गए। फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, अमेरिका के फ्लोरिडा की एक महिला के साथ राजस्थान के अजमेर में एक वकील ने धोखाधड़ी और यौन शोषण किया। आरोप है कि वकील मानव सिंह ने महिला को शादी का झांसा देकर कई महीनों तक उसका शोषण किया। मानव ने खुद को अविवाहित बताकर महिला को फंसाया, जबकि हकीकत में वह शादीशुदा था और उसके एक 11 साल का बेटा भी है। मानव और पीड़िता की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। मानव ने खुद को शुद्ध शाकाहारी बताकर और भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम जताकर महिला को प्रभावित किया। उसने महिला को बताया कि वह लहसुन-प्याज भी नहीं खाता। महिला भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म से प्रभावित थी, और मानव की बातों में आ गई।

मानव ने महिला को भारत बुलाया और जयपुर, अजमेर के अलग-अलग होटलों में रखा। इस दौरान उसने महिला का यौन शोषण किया और उससे पैसे भी ऐंठे। मानव ने महिला को अपनी पत्नी से भी मिलवाया, लेकिन उसे अपनी चचेरी बहन बताकर परिचय करवाया। मामले का खुलासा तब हुआ जब 21 जुलाई को पीड़िता मानव के तोपदड़ा स्थित घर पहुंची। वहां उसकी मुलाकात मानव की गर्भवती पत्नी से हुई। रिश्तेदार महिला ने जब मानव की गर्भवती पत्नी से पीड़िता का परिचय करवाया तो महिला को मानव के झूठ का पता चला। उसे समझ आया कि मानव ने उसे धोखा दिया है।

पीड़िता ने अजमेर छोड़कर बूंदी में एक एनजीओ की मदद से मानव के खिलाफ बलात्कार, धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में पता चला है कि मानव ने महिला को फ्लैट दिलाने का भी झांसा दिया था। इसके लिए उसने महिला से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवाए थे। पुलिस ने बताया कि मानव ने अप्रैल, मई और जुलाई के महीने में महिला से कई बार पैसे लिए। पुलिस अब दोनों के बैंक खातों की जांच कर रही है।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मानव ने पीड़िता को बिना सी-फॉर्म भरे कई होटलों में ठहराया था। पुलिस अब उन होटलों के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी नेमीचंद चौधरी ने बताया कि पहले चरण में दुष्कर्म और धोखाधड़ी से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं। दूसरे चरण में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.