मदरसे में बच्चे की चाकू से हत्या

बलरामपुर में मदरसा में  छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मामला तुलसीपुर में जामिया नईमिया अरबिक कॉलेज का है। बच्चे का गांव मदरसे से करीब 30 किमी दूर है। वह मदरसे के हॉस्टल में रहता था। हत्या की जानकारी पाकर पुलिस अधिकारियों ने जांच की। सीसीटीवी गुरुवार दोपहर ढाई से बंद था। शुरुआत में प्रिंसिपल पुलिस को बरगला रहा था, बाद में उसे हिरासत में लिया गया है। कुल 7 लोग शक के आधार पर पकड़े गए हैं।

जरवा थाना क्षेत्र के भगवानपुर बंधा के रहने वाले महफूज आलम खान खेती किसानी करते हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी है। अयान और उसका छोटा भाई मदरसे में पढ़ते थे। 12 साल का अयान चौथी क्लास का छात्र था। हत्या की सूचना पर पिता महफूज आलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा- मेरे दोनों बेटे अलग-अलग क्लास में थे। इसलिए वे दोनों अलग-अलग कमरे में रहते थे। बेटों से मेरी रोज बात होती थी। लेकिन, गुरुवार को बात नहीं हुई थी। शुक्रवार को फोन आया कि मेरे बेटे की हत्या हो गई है।

मौके पर पहुंचे तो देखा कि अयान का शव पड़ा हुआ था। पेट से बहुत खून निकल रहा था। उसकी आंतें बाहर आ गई थीं। बहुत बेरहमी से मेरे बेटे को मारा गया है। मेरे बेटे के कातिल को सख्त सजा दी जाए। मैंने मदरसा वालों की जिम्मेदारी पर अपने बेटे को यहां छोड़ा था। अब लाश लेकर जाऊंगा। यह सबकुछ मदरसा वालों की गलती से हुआ है। वहीं अयान की मां बेसुध है। प्रिंसिपल आलम को शक के आधार पर पुलिस ने हिरासत में लिया है। सुबह वह मीडिया को बाइट दे रहा था। उसने कहा- सुबह ही मामले की जानकारी मिली है। समझ नहीं आ रहा है, ये काम किसने किया है। यहां शाम 7 बजे से लेकर 9 बजे तक टीचर बच्चों की देखभाल के लिए रहते हैं। उसके बाद खाना खिलाकर कमरे में भेज देते हैं। ये कांड 9 बजे के बाद ही हुआ होगा। पुलिस जांच कर रही है, जल्द खुलासा होगा। पुलिस ने 7 लोगों को शक के आधार पर हिरासत में भी लिया है। इनमें प्रिंसिपल, 2 टीचर, बावर्ची भी शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.