इश्क में मिली बेवफाई: 73 प्रेमी और 7 करोड़ ठगी की कहानी

 

नई दिल्ली: अपने प्रेमी पर वो जान छिड़कती थी। कॉलेज में छुट्टी के बाद उसका हाथ अपने हाथों में लेकर घंटों उसके साथ बैठकर बातें करतीं। एक दिन जब उसके प्रेमी ने कहा कि चलो, कहीं बाहर घूमने चलते हैं, तो उसने तुरंत हां में अपना सिर हिला दिया। दोनों ने प्लानिंग की और कुछ दिन साथ बिताने के लिए निकल पड़े। अभी दोनों को गए कुछ ही दिन बीते थे कि एक दिन जब वो सोकर उठी तो देखा कि रूम में उसका प्रेमी नहीं था। उसने अपने प्रेमी का फोन भी मिलाया लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था। काफी खोजने के बाद भी जब उसका प्रेमी नहीं मिला तो मजबूरन उसे होटल के सारे बिल चुकाकर वापस लौटना पड़ा।

उसने सोचा कि शायद उसके प्रेमी को कुछ इमरजेंसी रही होगी, जिसकी वजह से वो उसे बिना बताए लौट आया। लेकिन, वापस लौटकर जब उसे हकीकत का पता चला तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। उसके प्रेमी ने उसे धोखा दिया था और सारे बिल चुकाने के लिए उसे होटल में अकेला छोड़कर आ गया। हकीकत जानकर उसे गहरा झटका लगा और इस बेवफाई का बदला लेने के लिए उसने एक-एक कर पुरुषों को ठगना शुरू किया। 13 साल के भीतर उसने 73 लोगों को अपना शिकार बनाया और इनसे करीब 7 करोड़ 38 लाख रुपये की रकम ऐंठ ली।

ये कहानी है थाईलैंड की ट्रांसजेंडर महिला उथाई नंतखान उर्फ एमी की, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एमी का प्रेमी जापान का रहने वाला था। अपने प्रेमी से धोखा मिलने के बाद एमी को एक और जापानी शख्स मिला, लेकिन उसने भी उसके साथ धोखा किया। इसके बाद एमी को जापानी पुरुषों से नफरत हो गई और उसने तय किया कि अपना बदला लेगी। यहीं से ठगी की वो कहानी शुरू हुई, जिसमें एक-एक कर 73 लोग फंस गए। इन 73 लोगों से उसने लगभग 30 मिलियन बहत (7 करोड़ 38 लाख रुपये) की रकम अपनी झूठी कहानियां सुनाकर ठगी।

एमी की करतूतों का खुलासा उस वक्त हुआ, जब थाईलैंड घूमने आए एक जापानी शख्स ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि एमी नाम की एक ट्रांसजेंडर महिला ने उसे 15 मिलियन बहत का चूना लगाया है। उसकी मुलाकात इसी साल जनवरी के महीने में एमी से हुई थी। एमी ने उससे कहा कि वो हांगकांग की रहने वाली है और घूमने के लिए थाईलैंड आई थी। उसने बताया कि किसी ने उसका पासपोर्ट और पर्स चुरा लिया है। इसके बाद एमी ने उस शख्स से होटल का बिल भरने के लिए रकम उधार ली। धीरे-धीरे एमी ने उससे नजदीकी बढ़ाई और उसके साथ अंतरंग संबंध बना लिए।

इस जापानी शख्स के साथ एमी कई बार डेट पर गई और कभी इंश्योरेंस के नाम पर तो कभी इलाज के नाम पर उससे रकम ऐंठती रही। वो उधार बोलकर रकम लेती थी, लेकिन वापस कभी नहीं करती थी। एक दिन एमी ने अपने इस प्रेमी से कहा कि उसे सोना खरीदना चाहिए। उसका प्रेमी मान गया, लेकिन बाद में इस सोने को बेचकर एमी फरार हो गई। इसके बाद पीड़ित शख्स ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कड़ियां जोड़नी शुरू कीं और 4 अगस्त को 49 साल की इस ट्रांसजेंडर महिला को बैंकॉक से गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.