शादी के 17 दिन बाद ससुराल से भागी दुल्हन

 

ग्वालियर में युवक ने जिस युवती से प्यार कर शादी की, वो 17 दिन ही साथ रही। शादी के बाद 3 दिन ससुराल में रहकर मायके चली गई। संतोष प्रजापति शहर के गोल पहाड़िया जनकपुरी में रहता है। एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। संतोष के मुताबिक, ‘अगस्त 2022 में नितिन प्रजापति और अंजली कुशवाहा ने मेरा रिश्ता करवाया था। दोनों मेरे परिचित हैं। उन्होंने घर आकर बताया कि उनकी नजर में प्रजापति समाज की पढ़ी-लिखी लड़की है। उसके मां-पिता भी अच्छा लड़का तलाश रहे हैं।’

नितिन और अंजली ने मुझे राजी कर लड़की दिखवाई। एक बार बात भी करवाई, मैंने हां कर दी। लड़की का नाम अंजली प्रजापति बताया। 3 अक्टूबर 2022 को मेरी अंजली से सगाई हो गई। तब उसे सोने की अंगूठी, सोने की बाली, चांदी की पायल, टायटन की महंगी वॉच और 11 हजार रुपए का नेग दिया था। 14 फरवरी 2024 को शहर की जैन धर्मशाला, मामा का बाजार में शादी हुई। 4 लाख रुपए का सोने का चढ़ावा दिया।’

शादी के 3 दिन बाद अंजली को उसके मायके वाले लेकर चले गए। इसके बाद होली आ गई। होली के बाद 28 मार्च 2024 को संतोष अपनी ससुराल पहुंचा। पत्नी की पहली विदा कराकर घर लेकर आया। 14 दिन बाद 10 अप्रैल की सुबह संतोष काम पर निकला था, लेकिन जब शाम को 7 बजे वापस लौटा तो वह घर पर नहीं मिली।

पता लगा कि अंजली अपने मायके चली गई है। उसने सोचा कि पत्नी को मायके की याद आ रही होगी। उसने कॉल किया तो पत्नी ने कहा, दो से तीन दिन में वापस आ जाऊंगी, लेकिन वह नहीं आई। हर बार यह बहाना बनाती रही। वह पत्नी को लेने जाता, लेकिन हर बार वह नहीं मिलती। घर में जब देखा तो पता चला कि अंजली शादी में चढ़ाए गए 4 लाख रुपए के गहने और 25000 रुपए नकद भी ले गई है।

संतोष ने बताया कि एक बार फिर फोन करने पर पत्नी ने 15 मई को आने की बात कही। शाम को उसकी मां का कॉल आया। उन्होंने कहा कि बेटा वो तो भाग गई। इसके बाद फेसबुक मैसेंजर के जरिए उसने अपनी शादी के फोटो भेजे। उसने किसी अभिषेक वंशकार के साथ शादी की थी। धोखाधड़ी का पता चलने पर रिश्ता कराने वाले नितिन और अंजली कुशवाहा से बात की तो वे बोले कि हमने रिश्ता कराया था, तुम्हारी पत्नी रुके या भागे हमें कोई मतलब नहीं।

संतोष के मुताबिक, अंजली सोने का मंगलसूत्र, सोने का हार, सोने की माला, सोने की नथ, सोने का ओम लॉकेट वाली चेन, चांदी के जेवर, 25 हजार रुपए के अलावा सगाई में चढ़ाए गए सारे गहने मिलाकर लगभग 5 लाख रुपए का सामान साथ ले गई है।

संतोष ने बताया, शादी से एक – दो महीने पहले अंजली ठीक से बात नहीं कर रही थी। उस समय मुझे लगा कि कहीं वह बिना मर्जी के शादी तो नहीं कर रही है। शायद उस पर परिवार का दबाव हो। मैंने उसे समझाया भी था कि ऐसी कोई बात है तो बता दो। अभी भी रिश्ता तोड़ सकते हैं। इससे दोनों की जिंदगी बर्बाद होने से बच जाएगी। तब अंजली का कहना था कि यदि उसे शादी नहीं करनी होती तो वह इस रिश्ते के लिए हां नहीं करती। लेकिन उसके मन में अलग ही प्लानिंग थी। उसने मेरा इस्तेमाल शादी कर रुपए ऐंठने के लिए किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.