सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग ने ली 3 मासूम की जान, एक की मौत

 

प्रयागराज के बड़ा हादसा हो गया। सगाई के फंक्शन में लोग खुश होकर फायरिंग कर रहे थे। अचानक 3 बच्चों को गोली के छर्रे लग जाते हैं। लहूलुहान बच्चों को देखकर फंक्शन में अफरा-तफरी मच जाती है। 1 बच्चे कार्तिकेय यादव की मौके पर ही मौत हो जाती है। 2 बच्चों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके बाद फंक्शन रोक दिया गया। लड़की और लड़के पक्ष के ज्यादातर लोग वहां से चले गए। पुलिस CCTV की मदद से गोली चलाने वालों की पहचान कर रही है।

ये पूरा मामला करछना इलाके के केंचुहा गांव का है। गांव में रहने वाले दयाशंकर यादव की बेटी की सोमवार को सगाई थी। मेजा के भसुंदर खुर्द गांव में रहने वाले राज करन उर्फ़ पप्पू यादव के बेटे सूरज यादव से रिश्ता तय हुआ था। लड़का पक्ष के लोग फंक्शन में आए हुए थे। DJ बज रहा था। सगाई में जैसे ही लड़के ने लड़की को अंगूठी पहनाई, मेहमानों में जो लोग दो नाली बंदूक लिए थे, वो गोली चलाने लगे। गोली लोड करने के दौरान फायर हो जाता है। गोली के छर्रे 3 बच्चों को लगते हैं। इसमें मेजा के भसुंदर कला में रहने वाले ज्ञान चंद्र यादव के 9 साल के बेटे कार्तिकेय यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके अतिरिक्त, दीप नारायण की बेटी राधा और जय सिंह यादव के बेटे आयुष  गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं शव को कब्जे में लेकर और पोस्टमॉर्टम के लिए प्रयागराज भेजा है। गांव में हुई हर्ष फायरिंग में मौत की सूचना मिलने पर एसीपी, थानाध्यक्ष साहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।

घटना के बाद लड़का एवं लड़की पक्ष के ज्यादातर लोग मौके से भाग गए। लड़का पक्ष ने आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है कि लड़की पक्ष की ओर से सगाई कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। जिससे यह घटना हुई है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस मामले की जांच मे जुटी हुई है। घटना से सगाई की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरे गांव में शोक की लहर छा गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.