एक्सप्रेस-वे पर हादसे में दहला यूपी, 3 की मौत

 

इटावा में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार ट्रक में घुस गई। हादसे में 2 विदेशी युवतियों समेत 3 की मौत हो गई। 3 गंभीर हैं। घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृतकों में एक युवती रूस, जबकि दूसरी अफगानिस्तान की है। दोनों दोस्त थीं और दशहरा मनाने दिल्ली से लखनऊ आई थीं। यहां से शनिवार को लौट रहीं थी, तभी हादसा हुआ।

SSP संजय कुमार ने बताया कि हादसा शनिवार देर रात 12 बजे के करीब हुआ। एक्सप्रेस-वे पर खरगुआ गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक में घुस गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। करीब 30 मिनट बाद पुलिस आई। कार सवार अंदर बुरी तरह फंस गए थे। कार का दरवाजा काटकर सभी को बाहर निकाला गया। हादसे में रूस की कैथरीन, अफगानिस्तान की नाज  और ड्राइवर संजीव कुमार की मौत हो गई।

घायलों में नाज की दो बहनें क्रिस्टन उर्फ तबस्सुम, आतिफा और राहुल  गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि रात होने के चलते एक्सप्रेस-वे पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था। कार की स्पीड ज्यादा थी। आशंका है कि ड्राइवर को झपकी आने के चलते कार ट्रक में जा घुसी। आसपास के सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि यह सभी दिल्ली में नौकरी करते हैं। छुटि्टयों पर लखनऊ घूमकर लौट रहे थे। कार सवार तीनों बहनें अफगानिस्तान की थीं और वर्तमान में दिल्ली में रह रही थीं। पुलिस ने परिवार को जानकारी दे दी है। जबकि कैथरीन रूस की थी। दिल्ली से परिजन पहुंच गए हैं। हादसे के बाद क्रेन से कार को एक्सप्रेस-वे से हटाया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.