ढाबे पर रुकी बस पर डंपर पलटा, हादसे में 12 की मौत

शाहजहांपुर- सड़क हादसे में बस सवार 12 यात्रियों की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब बस ढाबे पर खड़ी थी। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मारी और बस पर पलट गया। हादसे में 10 यात्री घायल भी हैं। बस सवार यूपी के सीतापुर से उत्तराखंड में मां पूर्णागिरी मंदिर जा रहे थे। करीब 80 लोग सवार थे। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री बस के नीचे उतरे हुए थे। कुछ अंदर सो रहे थे। डंपर में गिट्‌टी लदी थी, टक्कर के बाद बस में गिट्‌टी भर गई। अंदर लोग फंस गए। हादसा शनिवार रात 11 बजे के करीब हुआ। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे तभी पुलिस भी पहुंची। यात्री अंदर इस कदर फंसे हुए थे कि निकालना मुश्किल हो रहा था। कोई डंपर के नीचे तो कोई बस की सीट में फंसा हुआ था। हादसा देखकर पुलिस ने और फोर्स बुलाई। तुरंत क्रेन और JCB को मंगवाया गया। तब जाकर डंपर और बस को अलग किया गया। करीब 5 घंटे तक चले रेस्क्यू में बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पंकज कुमार ने बताया, डंपर को देखकर ऐसा लगा जैसे ट्रेन आ रही है। उसकी स्पीड बहुत तेज थी। डंपर ने सीधे बस को टक्कर मारी। बस के आगे जो लोग खड़े थे और जो पीछे थे, वो तो बचे ही नहीं। बस के अंदर बैठे लोग घायल हो गए। कुछ लोग बस के ऊपर भी बैठे थे। इनमें से तीन-चार लोगों की बॉडी तो पूरी मिली ही नहीं। उनके बॉडी पार्ट्स अलग हो गए थे। मरने वालों में तीन बच्चे भी हैं। DM ने कहा- हादसे में 11 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक की सुबह इलाज के दौरान मौत हुई। सभी लोग सीतापुर से पूर्णागिरी जा रहे थे। मृतकों और घायलों की पहचान हो गई। मृतकों और घायलों के परिवार को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.