जगन्नाथ मंदिर में चंदन यात्रा में पटाखों के ढेर में लगी आग, 20 लोग घायल: CM पटनायक ने जताया दुख

पुरी- ओडिशा के विश्व विख्यात भगवान जगन्नाथ की यात्रा में आज एक हादसा हो गया। दरअसल, बुधवार रात को पुरी में भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा उत्सव आयोजित की गई थी। इस दौरान पटाखों के ढेर में विस्फोट हो गया। हादसे में 20 लोग झुलस गए। चार लोगों की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि सैकड़ों लोग नरेंद्र पुष्करिणी जलाशय के किनारे अनुष्ठान देखने के लिए इकट्ठे हुए थे। इस दौरान, भक्तों का एक समूह पटाखे जलाकर जश्न मना रहा था। अचानक जलते हुए पटाखों की एक चिंगारी पटाखों के ढेर पर जा गिरी, जिससे विस्फोट हो गया। पुलिस ने आगे बताया कि जलते हुए पटाखे वहां आए लोगों पर गिरे। इससे अफरा-तफरी मच गई। उनमें से कुछ ने खुद को बचाने के लिए जलाशय में छलांग लगा दी। एक डॉक्टर ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से चार की हालत गंभीर है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना पर दुख जताया है। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सीएम ने एलान किया है कि इलाज का खर्च मुख्यमंत्री राहत कोष से वहन किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.