लखनऊ में 29 साल बाद तापमान 45 डिग्री पार: 48 घंटे में हीट वेव से 6 की मौत

लखनऊ- लखनऊ में ढाई बजे तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया है। लगातार दूसरे दिन तापमान 45 डिग्री के ऊपर पहुंचा है। ऐसा 29 साल बाद हुआ है, जब मई महीने में तापमान 45 डिग्री को पार किया है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। सीएम योगी ने हीट वेव को लेकर प्रशासन को अलर्ट रहने का दिशा-निर्देश दिए हैं। लखनऊ में 48 घंटे में भीषण गर्मी से 6 लोगों की जान गई है। इधर, लखनऊ में नगर निगम गर्मी से राहत के लिए सड़कों पर वाटर फॉग मशीन का इस्तेमाल कर रहा है। इससे पहले गुरुवार को लखनऊ में 42 साल पुराना गर्मी का रिकॉर्ड टूट गया। गुरुवार रात को यहां न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह 42 साल में पहली बार हुआ है। इससे पहले 29 मई 1982 को न्यूनतम तापमान 34.2 डिग्री दर्ज हुआ था। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री दर्ज किया गया, यह 31 मई 1995 के बाद दूसरा सबसे अधिक तापमान है। तब 46 डिग्री तापमान पहुंचा था। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 5 डिग्री अधिक रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के अधिकारियों से कहा है कि हीट वेव को लेकर हर स्तर पर हो बचाव के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। गांव हो या शहर अनावश्यक बिजली कटौती कहीं न हो, खराब ट्रांसफार्मर, ट्रिपिंग, फाल्ट समस्याओं का तत्काल निराकरण कराया जाए। हीट वेव के लक्षणों और उससे बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने का आदेश दिया है। बाजार और मुख्य मार्गों पर जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था करने को भी कहा है। सीएम ने अयोध्या, काशी, मथुरा समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का आदेश दिया है। इसके अलावा राहत आयुक्त कार्यालय के स्तर से मौसम पूर्वानुमान का रोजाना बुलेटिन जारी करने को कहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.