हीटवेव से 8 राज्यों में 300 से ज्यादा मौतें: कानपुर में 48.2°C पारा रिकॉर्ड

नई दिल्ली- उत्तर भारत में शुक्रवार को गर्मी और लू का कहर जारी रहा। हालांकि, कई इलाकों में पारा में 2 से 6 डिग्री की गिरावट देखी गई। लू और गर्मी की वजह से देश में 303 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। पिछले 24 घंटे में गर्मी और लू से जुड़ी बीमारियों की वजह से बिहार में 14, झारखंड में 4, उड़ीसा में 5, राजस्थान में 5 और छत्तीसगढ़ में 3 लोगों की मौत हो गई। IMD ने शनिवार (एक जून) के लिए देश में कहीं भी हीटवेव का रेड अलर्ट जारी नहीं किया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ अगले पांच दिन का तापमान मौजूदा तापमान से 2-6 डिग्री कम रह सकता है।

IMD के मुताबिक शुक्रवार को कानपुर के एयरफोर्स स्टेशन पर देश का सबसे ज्यादा तापमान 48.2°C दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा का सिरसा दूसरे नंबर पर रहा, यहां पारा 47.8°C रहा। दिल्ली के आयानगर का पारा 47°C दर्ज किया गया। गुरुवार (30 मई) को मानसून केरल पहुंच गया। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में भी मानसून की एंट्री हो गई। दिल्ली में मानसून 27 जून तक आने का अनुमान है। इस बार मानसून पूर्वानुमान के एक दिन पहले आया है। IMD ने 31 मई तक इसके केरल में पहुंचने की संभावना जताई थी। मानसून जल्दी आने का कारण रेमल साइक्लोन बताया जा रहा है, जो 26 मई को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में आया था। इससे पहले 30 मई, 2017 को साइक्लोन मोरा के कारण मानसून समय से पहले आया था। 2023 में केरल में मानसून की एंट्री सात दिन की देरी के बाद 8 जून को हुई थी। ​आमतौर पर केरल में 1 जून को मानसून प्रवेश करता है और 5 जून तक देश के ज्यादातर हिस्सों को कवर कर लेता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.