शाह-राजनाथ पहुंचे नड्डा के घर नई सरकार को लेकर BJP नेताओं की बैठक, EC आज राष्ट्रपति को सौंपेगा सांसदों की लिस्ट

नई दिल्ली- भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पर गुरुवार (6 जून) को अहम बैठक हो रही है। इसमें अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत भाजपा के बड़े नेता पहुंचे हैं। बैठक में नई सरकार बनाने और शपथ ग्रहण की तैयारियों पर चर्चा हो रही है।

दूसरी तरफ, चुनाव आयोग आज शाम 4:30 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार राष्ट्रपति को नए सांसदों के नाम की सूची सौंपेंगे। वे आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति को बताएंगे कि सबसे बड़ी पार्टी या गठबंधन कौन है, जिसके पास बहुमत है और कौन सरकार बनाने का दावा कर रहा है।

इसके बाद राष्ट्रपति उस पार्टी या गठबंधन के नेता को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगी। बुधवार (5 जून) को नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से गठबंधन का नेता चुना गया था। सूत्रों ने बताया कि 7 जून को उन्हें भाजपा संसदीय दल-NDA संसदीय दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद वे सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शपथ ग्रहण 8 जून को हो सकता है।

बुधवार (5 जून) को PM आवास पर NDA की बैठक हुई थी। इसमें TDP चीफ चंद्रबाबू नायडू, बिहार के CM नीतीश कुमार, महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे सहित 14 दलों के 21 नेता थे। चर्चा है कि JDU की निगाह रेलवे-कृषि मंत्रालय के साथ बिहार के लिए विशेष पैकेज पर है।

TDP ने 5 मंत्रालयों और लोकसभा स्पीकर पद की मांग रखी है। पार्टी ने ग्रामीण विकास, आवास और शहरी मामले, बंदरगाह और शिपिंग, सड़क परिवहन और राजमार्ग एवं जल शक्ति मंत्रालय मांगा है। TDP वित्त मंत्रालय का अतरिक्त प्रभार भी मांग रही है। आंध्र प्रदेश में फ्री की योजनाओं के चलते आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। इसलिए नायडू चाहते हैं कि वित्त मंत्रालय का अतरिक्त प्रभार उन्हें मिले।

Leave A Reply

Your email address will not be published.