पूल पार्टी में हंगामा, महिलाओं से छेड़खानी: 25 लड़कों ने कारोबारी के परिवार को पीटा

आगरा के रिसॉर्ट में पूल पार्टी करने गए ढाबा संचालक के परिवार की महिलाओं के साथ छेड़खानी के बाद बवाल हो गया। ढाबा संचालक ने परिवार के लिए रिसॉर्ट का एक पूल बुक किया था। पार्टी चल रही थी। तभी दूसरे पूल में पार्टी कर रहे लड़के वहां आ गए। उन्होंने महिलाओं के वीडियो बनाए। भद्दे कमेंट किए। इसका विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट की। रिसॉर्ट में तोड़फोड़ भी की गई। ढाबा संचालक का आरोप है- 25 लड़कों के ग्रुप ने पूल में महिलाओं के वीडियो बनाए थे।

महिलाओं के मना करने पर मारपीट शुरू कर दी। जब पुलिस से शिकायत की गई तो कार्रवाई करने के बजाय पूल पार्टी जाने पर ही सवाल खड़े कर दिए। इंस्पेक्टर ने कहा- रात में महिलाओं को लेकर गए ही क्यों थे?

मामला न्यू आगरा क्षेत्र के दयालबाग का है। बिजनेसमैन का आगरा हाईवे पर ढाबा है। बिजनेसमैन अपने 2 भाई और 2 दोस्तों के परिवार के साथ गुरुवार शाम पूल पार्टी करने गए थे। इस रिसॉर्ट में 2 पूल हैं। आरोप है कि दूसरे पूल में करीब 25 लड़के पहले से पार्टी कर रहे थे। रात के 8 बजे से लेकर 10 बजे तक वो लड़के अपने पूल की तरफ रहे। इसके बाद वो पूरे रिसॉर्ट में घूमने लगे। ढाबा संचालक के पूल की तरफ आए और महिलाओं का नहाते हुए वीडियो बनाने लगे। कुछ लड़के कमेंट करने लगे। 2-4 लड़के पूल में घूस गए।

पहले ढाबा संचालक ने इसकी शिकायत रिसॉर्ट के स्टाफ से की। उन्होंने लड़कों को समझाने का प्रयास किया। युवक नहीं माने। इसके बाद ढाबा संचालक, उनके भाई और दोस्तों ने लड़कों की हरकतों का विरोध किया। आरोप है कि लड़के बेल्ट-डंडे लेकर आ गए और मारपीट शुरू कर दी।कुछ लड़के पत्थर फेंक रहे थे। इससे महिलाओं को भी चोटें आईं। करीब 2 घंटे तक हंगामा चला।

ढाबा संचालक ने बताया- हमने रात में कई बार डायल 112 पुलिस को कॉल किया। पुलिस के पहुंचने से पहले सभी लड़के भाग चुके थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है पुलिस ने परिवार को रात से थाने में बैठाकर रखा है। उनके भाई को हवालात में बंद कर दिया है। दूसरे पक्ष से एक ही लड़के को मौके से पकड़ा जा सका। उसको भी थाने में बैठाया हुआ है। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही, जबकि हम हंगामा और मारपीट के वीडियो भी दे रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.