दिल्ली में डबल मर्डर से मची सनसनी, चाकूबाजी में एक शख्स समेत नाबालिग की मौत

नई दिल्ली: दिल्ली में बीती रात एक युवक और एक नाबालिग की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के जेलरवाला बाग इलाके में हुई। मरने वाले विशाल और विपुल हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि ये दोनों रंजिश में कुछ युवकों को मारने पहुंचे थे। मगर वो युवक इन पर भारी पड़ गए। वहां जमकर चाकूबाजी हुई। जिसमें ये दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर इन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अशोक विहार पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, अशोक विहार पुलिस को कल रात करीब 11 बजे जेलरवाला बाग इलाके में झगड़े के अंदर चाकूबाजी होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला घायलों को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचे तो सूचना मिली कि दोनों मर चुके हैं। छानबीन के बाद दोनों की पहचान ‌विशाल और विपुल के रूप में हुई। दोनों उसी इलाके के रहने वाले थे। छानबीन में पता चला कि इनकी किसी युवक से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश में ये दोनों अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उस युवक को मारने गए थे। उस युवक के साथ भी कुछ लड़के थे। इनके बीच झड़प हुई और ये लोग जिन्हें मारने गए थे, वो इन पर भारी पड़ गए। दोनों को चाकू से गोदने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अब तक कि पुलिस जांच में चार आरोपियों के नाम सामने आए हैं। दो संदिग्ध हिरासत में भी लिए गए हैं। पुलिस को यह भी पता चला कि इन दोनों गुटों में करीब दस दिन पहले भी झगड़ा हुआ था। झगड़े की वजह गुटबाजी और टशनबाजी है। किसी को कोई कुछ बोल भी देता है, तो इनमें झगड़ा हो जाता है। पुलिस पता लगा रही है कि झगड़े से पहले किसी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर भी तो इनकी बहसबाजी हुई थी या नहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.