‘आशिक’ पति की हैवानियत, चलती कार में पत्नी का गला घोंटा सीने में मारी 3 गोलियां

देहरादूनः उत्तराखंड में एक शख्स ने अपनी पत्नी को घर से 900 किमी दूर ले जाकर गला घोटकर मार डाला। इतना ही नहीं, वह जिंदा न बच जाए इसलिए उसने पत्नी के सीने पर तीन गोलियां मारीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अवैध संबंधों से जुड़ा है। आरोपी पति का अपने दोस्त की बहन से अवैध संबंध था। दोस्त उस पर बहन से शादी का दबाव बना रहा था। इसके बाद ही आरोपी ने पत्नी की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी। खाटू श्याम के दर्शन कराने के बहाने घर से 900 किमी दूर ले गया और उसकी हत्या कर दी।

बता दें कि राजस्थान के पाली जिले में हाइवे पर बीते दिनों पुलिस को एक महिला का शव मिला था। महिला के सीने पर तीन गोलियों के निशान थे। मृत महिला की पहचान उत्तराखंड के जसपुर की रहने वाली वर्षा चौहान के रूप में हुई है। मृतका के भाई हिमांशु ने अपने जीजा विशाल चौहान और उसके दोस्त मोहित के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि हत्या किन वजहों से और कैसे की गई थी।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि विशाल का अपने दोस्त मोहित की बहन के साथ अवैध संबंध था। मोहित लगातार विशाल पर अपनी बहन से शादी करने का दबाव बना रहा था। इधर, विशाल का अपनी पत्नी वर्षा से रोज झगड़ा होने लगा। परेशान होकर वर्षा अपनी बेटी के साथ मायके चली गई। इस बीच विशाल ने मोहित की बहन से शादी करने के लिए अपनी पत्नी की हत्या की प्लानिंग बना ली। उनसे एक देसी कट्टा खरीदा और अपने प्लान में मोहित को भी शामिल कर लिया।

किसी को हत्या का शक न हो, इसलिए विशाल खाटू श्याम के दर्शन करने के बहाने अपनी पत्नी को मायके से बुलाकर घर से 900 किमी दूर ले गया। उन्होंने अपनी 9 साल की बेटी को घर पर ही छोड़ दिया। रास्ते में ब्यावर के पास चलती कार में पहले तो विशाल ने अपनी पत्नी का गला घोंटकर उसकी जान ले ली। फिर उसका शव नीचे फेंक दिया। वर्षा की जान न बच जाए, इसलिए उसने उसके सीने पर तीन गोलियां मारी। घटना के बाद पुलिस ने विशाल और मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले का तीसरा आरोपी सोनू ठाकुर फरार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.