झांसी में ब्यूटीपार्लर में सज रही दुल्हन की हुई हत्या: लड़की ने साथ जाने से मना किया तो सीने में मारी 2 गोली

झांसी से सटे मध्य प्रदेश के दतिया के राजकुमार अहिरवार की बेटी काजल की रविवार को शादी थी। पड़ोसी युवक दीपक अहिरवार काजल को पसंद करता था। शादी करना चाहता था। मगर, काजल और उसका परिवार शादी के लिए राजी नहीं था। परिवार ने काजल की शादी झांसी में चिरगांव के सिमथरी गांव के रहने वाले राज से तय कर दी। रविवार को झांसी के खोडन में स्थित निशा गार्डन में शादी होनी थी। काजल अपने परिवार के साथ रविवार शाम को ही मैरिज हॉल पहुंच गई थी।

निशा गार्डन से करीब 200 मीटर दूर एक ब्यूटी पार्लर में काजल शाम 5 बजे तैयार होने पहुंची। साथ में उसकी 4 चचेरी बहन नेहा, मुस्कान, वंदना और अनुष्का भी थीं। नेहा और अनुष्का ने बताया- रात करीब 10 बजे दीपक आया। उसने ब्यूटी पार्लर का गेट खोला और काजल से बातचीत करने लगा। साथ चलने को कहा तो काजल ने मना कर दिया। इस पर पार्लर चलाने वाली महिला ने दीपक को बाहर निकाल दिया और अंदर से गेट बंद कर दिया। बहन नेहा ने बताया- उन्हें बाहर से दीपक के चिल्लाने की आवाज सुनाई देती रही। कुछ देर बाद उसने दरवाजे का शीशा तोड़ दिया। अंदर आकर धमकी दी और बंदूक निकाल कर काजल पर गोली चला दी। गोली लगते ही काजल नीचे गिर गई।

एसएसपी राजेश एस ने बताया- शादी से कुछ घंटे पहले ही दुल्हन की गोली मारकर हत्या की गई है। आरोपी दीपक उन लोगों का पीछा करते हुए झांसी आया था। दीपक को गिरफ्तार करने के लिए 2 पुलिस टीमें दतिया भेजी गई हैं। घर के साथ ही जहां-जहां उसके रिश्तेदार हैं, वहां भी छापेमारी की जा रही है। युवक की जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी। आरोपी दीपक बीए की पढ़ाई कर रहा है।

पुलिस की 5 टीम दीपक की तलाश में छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पुलिस की एक टीम सुबह से सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। कैमरों की मदद से उसे ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि उसके साथ वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे। वे किस गाड़ी से आए थे। आरोपी के मोबाइल नंबर की भी डिटेल निकाली जा रही है। ताकि पता चल सके कि हत्या से पहले और हत्या के बाद आरोपी ने किस-किस से बात की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.