दिल्ली जल संकट को लेकर आतिशी का अनशन खत्म: देर रात बिगड़ी तबीयत, ICU में भर्ती

नई दिल्ली- जल संकट को लेकर मंत्री आतिशी का अनशन 5वें दिन खत्म हो गया है। आतिशी की सोमवार-मंगलवार (24-25 जून) की देर रात को तबीयत बिगड़ गई थी। AAP नेताओं ने उन्हें तड़के करीब 3 बजकर 38 मिनट पर LNJP अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार सुबह संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आतिशी का अनशन अब खत्म हो गया है। उनका बल्ड शुगर लेवल 36 पहुंच गया है। यह मंगलवार देर रात 43 रिकॉर्ड किया गया था।

LNJP अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि आतिशी ICU में हैं। वे फिलहाल ठीक हैं। मंगलवार रात को ही उन्हें भर्ती होने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने हमारी बात नहीं मानी थी। आतिशी दिल्ली जल संकट को लेकर 21 जून से जंगपुरा के भोगल में अनशन पर बैठी थीं। उनकी हरियाणा से 100 MGD पानी भेजे जाने की मांग है। हरियाणा से संधि के तहत 613 mgd पानी भेजना होता है। आतिशी ने दावा किया था कि हरियाणा सरकार केवल 513 MGD पानी ही भेज रहा है। इससे कारण दिल्ली के 28 लाख लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है।

सोमवार (24 जून) को दिन में भी LNJP के डॉक्टरों की टीम ने बताया था कि आतिशी का वजन 4 दिनों में 2KG से ज्यादा घट गया है। उनका कीटोन लेवल भी बढ़ गया है। ​डॉक्टरों की रिपोर्ट में कहा गया मरीज (आतिशी) को अस्पताल में भर्ती होने और खाना खाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।

AAP नेताओं ने कहा कि आतिशी का वजन लगातार कम हो रहा है। 21 जून को भूख हड़ताल पर बैठने से पहले उनका वजन 65.8 KG था, जो भूख हड़ताल के चौथे दिन घटकर 63.6 KG रह गया है। यानी महज 4 दिनों में उनका वजन 2.2 किलोग्राम कम हुआ है। AAP ने कहा कि भूख हड़ताल के पहले दिन की तुलना में चौथे दिन उनका ब्लड शुगर लेवल 28 यूनिट कम हुआ है। इसके साथ ही उनका ब्लड प्रेशर लेवल भी कम हुआ है। डॉक्टरों ने आतिशी के ब्लड शुगर लेवल, ब्लड प्रेशर और वजन में जिस गति से कमी आई है, उसे खतरनाक बताया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.