सम्पूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के अन्दर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित

सुलतानपुर -दिग्विजय कुमार मिश्रा जिलाधिकारी विवेक ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित  करते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस वर्तमान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के अन्दर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने भूमि विवाद के प्रकरणों ,राशन कार्ड, विद्युत की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी  आज  तहसील लम्भुआ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतें सुन रहे थे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण न होने पर आवेदक पुनः शिकायत करता है। यह स्थिति अत्यन्त गम्भीर है, इस प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने भूमि विवाद के प्रकरणों के निस्तारण हेतु उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस को आज ही राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने एवं दोनों पक्षों के समक्ष प्रकरण को गुणवत्तापूर्ण सुलझाने/निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की तथा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से सम्बन्धित सन्दर्भों को प्राथमिकता पर लेते हुए समय सीमा के अन्दर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर कुल 243 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से  15 का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष शिकायतों को सम्बन्धित अधिकारियों को हस्तगत कराते हुए एक  सप्ताह  के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने पुलिस, मुख्य विकास अधिकारी राधेश्याम ने विकास व उपजिलाधिकारी लम्भुआ रमेश कुमार शुक्ला ने राजस्व से सम्बन्धित शिकायतों को सुना। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी, डीडीओ डॉ.डीआर विश्वकर्मा, पीडी डॉ. एस.के.द्विवेदी सहित अन्य विभागों के अधिकारी व सम्बन्धित उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.