शहर में घुसा तेंदुआ करीब 20 घंटे बाद भी पकड़ में नहीं आया  तेंदुआ अब तक 5 लोगों को हमला करके लहूलुहान कर चुका 

 

लखनऊ में घुसा तेंदुआ करीब 20 घंटे बाद भी पकड़ में नहीं आया है। तेंदुआ अब तक 5 लोगों को हमला करके लहूलुहान कर चुका है। रेस्क्यू करने पहुंची वन विभाग की टीम के जाल में देर रात एक बार तेंदुआ फंसा। लेकिन वह जाल फाड़कर भाग निकला। इसके बाद वन विभाग की टीम भी डरी-डरी है। एक बार तो तेंदुए की दहाड़ सुनकर वनकर्मी भाग गए। तेंदुआ अभी भी उसी इलाके में घूम रहा है। रविवार सुबह पुलिस और वन विभाग की टीम ने फिर से घेराबंदी की तो तेंदुआ एक चारदीवारी के भीतर घुस गया।

गुडम्बा इलाके में लोगों को बाहर निकालने से मना कर दिया है। रविवार होने के बावजूद लोग घरों में कैद है। डरे हुए हैं। वन विभाग ने एक्सपर्ट की टीम भी बुलाई है। उसने कई जगह पिंजरे लगाए हैं। जाल बिछाया है। लेकिन, तेंदुआ फिलहाल पकड़ से बाहर है। वह बार-बार वन विभाग को चकमा देकर भाग जा रहा है।

करीब 1 बजे गुडम्बा इलाके में सबसे पहले तेंदुए को स्थानीय लोगों ने देखा था। इसके बाद से वहां भगदड़ की स्थिति मच गई। तेंदुए से बचने के लिए लोग भागे तो तेंदुए ने उनको झपट्‌टा मारा। किसी की पीठ तो किसी के पेट पर पंजा और दांत मारकर घायल कर दिया। वहां चीख-पुकार मच गई। लोग इधर-उधर दौड़ने लगे। तेंदुए के हमले में जो लोग घायल हैं, उनमें एक महिला, एक मीडिया कर्मी और रेस्क्यू टीम का सिपाही भी शामिल है।

 
जाल बिछाकर किसी तरह तेंदुए को फंसाया। लेकिन जाल के भीतर से उसकी दहाड़ सुन पुलिस और वन विभाग की टीम भाग खड़ी हुई। इसकी बीच तेंदुआ जाल फाड़कर भाग निकला। जाल से छूटने के बाद तेंदुआ हमलावर हो गया। उसने इलाके की एक महिला समेत तीन लोगों को बुरी तरह से घायल कर दिया।

इसकी सूचना पर टीम फिर से उसके पीछे दौड़ी। इस पर पलटवार करते हुए तेंदुए ने एक मीडिया कर्मी और रेस्क्यू टीम के सिपाही पर हमला कर दिया। गुडम्बा इंस्पेक्टर सतीश साहू का कहना है कि तेंदुए का लगातार पीछा किया जा रहा है। वह एक बाउंड्री के भीतर है। पकड़ने का प्रयास चल रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तेंदुआ रातभर इलाके में घूमता रहा। लोग इसलिए भी नाराज है कि जानकारी देने के बाद भी वन विभाग की टीम करीब 4 घंटे बाद मौके पर पहुंचीं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.