ड्यूटी के दौरान तेज रफ्तार गाड़ी ने कॉन्स्टेबल को रौंदा,  मौत से पहले साथियों को भेजे थे न्यू ईयर के मैसेज 

 

राजस्थान  के  जयपुर में ट्रैफिक पुलिस के एक कांस्टेबल की सीकर रोड पर अज्ञात वाहन से कुचल कर मौत हो गई। यह हादसा शनिवार तड़के करीब 4.50 बजे हरमाड़ा इलाके में बनी चैक पोस्ट पर हुआ। घटना का पता चलने पर साथी पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक कॉन्स्टेबल संजय यादव (35) है। वह मूल रुप से झुंझुनूं का रहने वाला था। वर्ष 2006 बैच में राजस्थान पुलिस में भर्ती हुआ था। यहां जयपुर ट्रैफिक पुलिस में चालान शाखा में पदस्थापित था।

  न्यू ईयर के जश्न पर रात्रि नाकाबंदी में लगाई थी ड्यूटी

31 दिसंबर को न्यू ईयर के जश्न पर तेज रफ्तार वाहन चलाकर हुड़दंग मचाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को रात में नाकाबंदी में लगाया गया था। इसमें कांस्टेबल संजय यादव को सीकर रोड पर हरमाड़ा थाने के पास रात्रि नाकाबंदी में ड्यूटी पर लगाया गया था। शनिवार सुबह वाहनों की चैकिंग कर रहा था। तभी तेज रफ्तार गाड़ी ने संजय को टक्कर मारी। उसे कुचलते हुए निकल गई। हादसे में गंभीर घायल संजय को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे का पता चलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे।

भेजे थे साथियों को  नव वर्ष पर खुशियों और शुभकामनाओं के मैसेज
जानकारी में सामने आया है कि संजय ने मौत से पहले तक अपने कुछ नजदीकी साथी पुलिसकर्मियों को नए साल की बधाई देते हुए शुभकामनाओं के संदेश भेजे थे। जिसमें यह साल अच्छा बीतने की बात लिखी थी। लेकिन कुछ देर बाद ही संजय की जिंदगी छीन जाएगी। ऐसा किसी ने भी नहीं सोचा था। फिलहाल शव को कांवटिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। परिजनों को भी सूचना भेज दी है। दुर्घटना थाना  केस की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.