बोला  शादी करो या 3 लाख रुपए दो  बात नहीं मानने पर रेप करने की धमकी दी

 

 

झांसी में एक युवक शादी के लिए शादीशुदा महिला को प्रताड़ित कर रहा है। बाजार आते-जाते समय रोककर छेड़छाड़ करता है और शादी का दबाव बनाता है। शादी नहीं करने पर 3 लाख रुपए की डिमांड कर रहा है। बात नहीं मानने पर आरोपी ने रेप करने, महिला और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी की धमकियों से महिला इतनी डरी हुई है कि उसने आत्महत्या करने तक की बात कही है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

मदद के लिए दिए थे डेढ़ लाख रुपए

प्रेमनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला के अनुसार, उसके करीब 3 साल से सदर थाना क्षेत्र के टाल मोहल्ला निवासी सन्नी सक्सेना उर्फ रत्नेश नाथ पुत्र गोपेश नाथ सक्सेना परिवारिक संबंध थे। आरोप है कि उसने करीब दो साल पहले ट्रक खरीदने के लिए डेढ़ लाख रुपए दिए थे। जब पैसे वापस मांगे तो रुपए देने से मना कर दिया। इसके बाद वह सदर बाजार जाती तो सन्नी रोककर उसके साथ छेड़छाड़ करता है।

शादी नहीं करने पर हाथ की नस काटने की धमकी दी

महिला का आरोप है कि सन्नी शादी करने का दबाव बनाने लगा। नहीं करने पर हाथ की नसें काटने की धमकी दी। इसी तरह से वह महिला को परेशान करने लगा। जब भी वह बाजार जाती तो पीछा करके गाली-गालौच कर शादी के लिए दबाव बनाता है। एक अप्रैल शाम करीब 6 बजे सदर बाजार में कृष्णा टॉकीज के पास सन्नी शराब के नशे में मिला। शादी नहीं करने पर महिला व उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी। बोला कि या तो शादी करो या फिर 3 लाख रुपए दो।

डर के मारे बीमार पड़ी महिला

घटना के बाद महिला बीमार पड़ गई। वह एक अप्रैल से 4 अप्रैल तक एक नर्सिंग होम में भर्ती रही। पीड़िता ने पुलिस से कहा कि आरोपी रेप करने की धमकी देता है। इससे वह काफी भयभीत है और आत्महत्या भी कर सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.