मस्जिद पर किया पथराव, धार्मिक नारे लगाए, घरों में घुसकर लोगों को पीटा

 

कोतवाली क्षेत्र में अलीगढ़ के ऊपरकोट  देर रात अराजक तत्वों ने मस्जिद पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई

मोहम्मद अफजाल मानिक चौक पर अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात में करीब डेढ़ बजे हंगामा हुआ। शाम की नमाज के बाद कुछ अराजक तत्व वहां आ गए। उन्होंने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। मस्जिद के अंदर कुछ लोग नमाज पढ़ रहे थे। उन्हें देखते ही मस्जिद पर पथराव कर दिया।

इसके बाद भी जब कोई बाहर नहीं निकला तो आरोपी लोगों के घरों में घुसने लगे। उन्होंने लोगों के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोपियों के हाथ में लाठी डंडे और हथियार भी थे। यहां के रहने वाले निसार ने जब उनका विरोध किया तो उन्होंने उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। इससे उसका सिर फट गया। वह जमीन पर गिर गया।

इलाके के लोगों ने बताया कि हमलावर गैर समुदाय के थे। उनका आरोप है कि गाली-गलौज के साथ ही धार्मिक नारे भी लगाए गए। हमलावरों का कहना था कि रोजे-रमजान सब एक साथ करवा देंगे। इसके बाद ही उन्होंने बच्चे और महिलाओं के ऊपर पथराव किया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आरोपी पथराव करके वहां से फरार हो गए। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में फोर्स पहुंच गई।

कोतवाली इंस्पेक्टर ब्रिजेश कुमार ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान के लिए आस-पास क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। जिससे कि आरोपियों की पहचान हो सके। उन्होंने बताया कि जल्दी ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होंगे। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.