बालक एवं बालिकाओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर – मिशन शक्ति अभियान के तहत हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

फतेहपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार को एक स्कूल में बालक एवं बालिकाओं को ताइक्वांडो के जरिए आत्मरक्षा के जहां गुर सिखाए गए वहीं बालिकाओं को शासन की संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
शहर के राधानगर क्षेत्र स्थित ग्लोबल पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस उपाधीक्षक नगर दिनेश चंद्र मिश्र एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद प्रकाश शुक्ला ने उपस्थित बालक एवं बालिकाओं को ताइक्वांडो के जरिए आत्मरक्षा के गुर सिखाए। सीओ सिटी ने कहा कि बालिकाओं को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहती है। यदि कोई अराजकतत्व व शोहदा उन्हें परेशान करे तो वह घबराएं नहीं तत्काल महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098 व डायल 112 के साथ-साथ साइबर हेल्पलाइन पर काल करें। पुलिस उनकी मदद को तत्काल पहुंचेगी। उन्होने कहा कि कोचिंग एवं स्कूल जाते वक्त समूह में रहें। यदि कोई व्यक्ति परेशान करे तो उसकी जानकारी परिजनों के साथ-साथ पुलिस को अवश्य दें। इस मौके पर विद्यालय स्टाफ भी मौजूद रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.