सीएम से मिलीं केंद्रीय राज्यमंत्री, सीवर लाइन पर की चर्चा – यमुना तटवर्ती क्षेत्र में फतेहपुर से प्रयागराज यमुना एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर मार्ग बनवाए जाने की मांग

फतेहपुर। जिले की सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने गत दिवस मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से औपचारिक मुलाकात की। मुलाकात में सीवर लाइन पर जहां चर्चा की गई वहीं यमुना तटवर्ती क्षेत्र में फतेहपुर से प्रयागराज यमुना एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर मार्ग बनवाए जाने की मांग की।
केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने सीएम योगी आदित्यनाथ से कहा कि फतेहपुर शहर में जल निकासी की प्रमुख समस्या है। यहां सीवर लाइन का निर्माण हो जाए तो शहरवासियों को समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। इसके उपरांत साध्वी जी ने यमुना तटवर्ती क्षेत्र में फतेहपुर से प्रयागराज यमुना एक्सप्रेसवे की तरह एक मार्ग बनवाने की मांग की। जिससे यमुना नदी के लगातार हो रही कटान समाप्त हो जाएगी। उन्होंने योगी को याद दिलाया कि असोथर विकास खंड के यमुना तटवर्ती क्षेत्र के कोर्रा कनक गांव बहुत भारी हिस्सा यमुना में समाहित हो बांदा जनपद से जा मिला है। यह कटान बढ़ते ही चली जा रही है। इसको रोकना जरूरी है। अन्य जगह की कटान यमुना एक्सप्रेसवे बनने से बंद हो जाएगी। साथ ही आवागमन का रास्ता भी सुगम हो जाएगा। सीएम ने केंद्रीय राज्यमंत्री की तीनों मांग व सुझाव को गंभीरता से लेते हुए अपने सचिव को नोट कराया। आश्वस्त किया कि जनपद को तीन बड़ी परियोजनाएं अवश्य प्रदान की जाएंगी। यह जानकारी भाजपा जिला मंत्री एवं सांसद कार्यालय प्रवक्ता शिव प्रताप सिंह ने दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.