जिले को गौरवान्वित करने वाली पर्यावरण संरक्षण प्रेमी सम्मानित – युवाओं की अगुवाई से किया जा सकता पर्यावरण संतुलित: गार्गी

फतेहपुर। संसद भवन नई दिल्ली में संपन्न राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 में कानपुर प्रांत के पर्यावरण संरक्षण प्रेमी ठा. युगराज सिंह डिग्री कॉलेज में डीएलएड पाठ्यक्रम में अध्ययनरत गार्गी परमार ने अपने वैशिष्ट के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण गतिविधि कानपुर प्रांत को महिमामंडित किया। जिनका मंगलवार को भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
शैक्षिक संस्थान प्रमुख प्रशांत पाटिल की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें जल प्रमुख डा. अनुराग श्रीवास्तव ने प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही गंगा समग्र से अनुराग त्रिपाठी ने भी उनकी सराहना करते हुए युवाओं को भी सीखने की बात कही। सम्मान समारोह में विभाग संयोजिका स्मिता सिंह ने बताया कि पर्यावरण युवा संसद के इस आयोजन में देश के 10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी दलों ने हिस्सेदारी की। कानपुर प्रांत पर्यावरण गतिविधि की ओर से गार्गी सिंह परिहार ने युवा पर्यावरण संसद में प्रतिभाग किया था। जिसमें प्रधानमंत्री, मंत्री, स्पीकर, पक्ष, विपक्ष की भूमिका में पर्यावरण से जुड़े पहलुओं पर संसद की कार्रवाई संपन्न की गई थी। दस सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी दलों में देश भर के कुल 156 विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के लगभग 3000 छात्र-छात्राओं ने हिस्सेदारी की थी। आयोजित पर्यावरण विषयक वाद-विवाद सत्र में कानपुर प्रांत की गार्गी सिंह परमार को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत भी किया गया। बताया कि कई चरण की चयन प्रतियोगिताओं के उपरांत तो पूरे भारत वर्ष के विश्वविद्यालयों से 150 छात्र छात्राओं को चिन्हित किया गया। 25-25 प्रतिभागियों को प्रथम सत्र में भारत के परिपेक्ष में जलवायु परिवर्तन एवं द्वितीय सत्र में कॉन्फ्रेंस आफ पार्टीज में भारत की प्रतिबद्धता विषय पर पक्ष और विपक्ष के युवा सांसद के रूप में वक्तव्य देने का अवसर मिला। कार्यक्रम में जिला संयोजक विवेक मिश्रा ने भी सम्मानित कर युवाओं को प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण की बात पर जोर दिया। इसके अलावा अनिता गुप्ता और रूमा ने माल्यार्पण किया। रीता सिंह तोमर, राजकुमार ने शाल पहना कर सम्मानित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.