किसान आयोग का गठन किए जाने की सीएम से मांग

फतेहपुर। किसानों की समस्याओं का निराकरण किए जाने के साथ-साथ किसान आयोग का गठन किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार अखिल भारत हिंदू महासभा (किसान सभा) के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
सीएम को भेजे गए ज्ञापन में पदाधिकारियों ने बताया कि भारत कृषि प्रधान देश है। जिसमें देश की आबादी एवं औद्योगिक विकास की गति व उन्नति कृषि से जुड़ी है। किसान पूरी लगन व निष्ठा से मेहनत करके आबादी के भोजन एवं पोषण की जिम्मेदारी निभाते हैं। देश की आर्थिक एवं औद्योगिक विकास के रथ को निरंतर गति प्रदान करते हैं इसलिए हम उन्हें अन्नदाता भी कहते हैं, लेकिन इन अन्नदाता से हम देश की उन्नति में पूर्ण सहयोग की आशा रखते हैं लेकिन किसानों की समस्याओं को नजर अंदाज भी करते चले आ रहे हैं। देश की आजादी का अमृत महोत्सव पर्व मनाया जा रहा है लेकिन आजादी के बाद से आज तक जितनी भी सरकारें आई हैं उन्होने बातें तो खूब कीं लेकिन कोई भी ठोंस निर्णय नहीं लिया। जिस कारण अन्नदाता आज भी अपना और अपने परिवार के साथ दुर्गति के दिन बिताने को मजबूर है। देश व प्रदेशों में कई आयोग के गठन हुए और उन पर अमल हो रहा है लेकिन किसान आयोग के गठन में देरी क्यों हो रही है। किसान आयोग का तत्काल गठन किया जाए। किसानों की समस्याओं का तत्काल निवारण हो। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष लव सिंह, मंडल अध्यक्ष अभिषेक सिंह, शिवा अग्निहोत्री, संदीप शर्मा, बब्लू यादव, शुभम यादव, छोटू साहू भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.