गुस्से से आग-बबूला हुआ सूरज, पारा पहुंचा पचास – सड़कों पर पसरा सन्नाटा, घरों में एसी कूलर में दुबके लोग – सुबह आठ बजे से ही बरसने लगती आग, इंसानों के साथ बेजुबान भी बदहवास

फतेहपुर। लगातार बढ़ती प्रचंड गर्मी और लू का कहर जारी है। एक तरफ सूरज गुस्से में आकर आग बरसा रहा है जिससे तापमान हर रोज़ नई ऊंचाइयों को छू रहा है। रविवार को जारी सूरज के कहर के बीच तापमान 50 डिग्री पहुँच गया। पारे के अर्धशतक लगाने से चारों ओर हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने गर्मी के इस रिकार्ड को बयान करते हुए गर्मी की बढ़ती जा रही तपिश की पीड़ा ज़ाहिर की। तापमान में यह बदलाव अपने आपमे एक रिकॉर्ड है। प्रकृति के इस गुस्से के बाद सूरज के इस रूप से दोआबा-बुंदेलखंड से लेकर मरुस्थल तक तपिश से लकलका रहे है। चारों तरफ सूरज की बरसने वाली आग से बचने के लिए इंसान तो इंसान पशु पक्षी भी बेहाल दिखाई दे रहे है। जनपद में भीषण गर्मी का लू धूप का दौर लगातार जारी है। रविवार को सूरज से निकलने वाली किरणों ने अपना रौद्र रूप दिखाते हुए 50 डिग्री का तापमान पहुंचा दिया। आसमान से बरसने वाली इस आग से आम जनमानस से लेकर बेजुबान तक पनाह मांगते नज़र आए। दिन भर लू चलने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। सूरज की आग से बचने के लिए लोग घरों में कूलर, एसी के आगे दुबकने को मजबूर हो गए। वहीं पशु पक्षी भी सहारा ढूढ़ते रहे। जरूरी काम को लोगों ने सुबह के समय ही निपटाना शुरू कर दिया। सुबह 10 बजे के बाद से दिन भर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मजबूरीवश निकलने वाले लोग अपने शरीर को अंगौछे से ढक कर निकते तो किसी ने छाते का सहारा लिया लेकिन जल्दी से जल्दी वापस होने की तेज़ी साफ नजर आई। दोपहर तक तपन इतनी बढ़ गई कि मजबूरी में घर से निकलने वालों को अपना बदन झुलसता हुआ महसूस हुआ। तापमान की हालत ऐसी रही कि सुबह के आठ बजते ही तेज धूप और गर्मी से लोग परेशान हो उठे जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया तापमान भी बढ़ता गया। आसमान से बरस रही आग और ज़ामीन की गर्मी व तपिश से लोग बिलबिला उठे तेज़ धूप से बचने के लिए लोग तरह तरह के उपाय करते नज़र आए। दिन के दस बजे के बाद सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई। तेज धूप व लू से बचने के लिए लोग अपने घरों में ही कैद रहे। एसी व कूलर के आगे दुबके रहे। बाजार में सिर्फ जरूरत पर निकले हुए लोग ही दिखाई दिए। दो बजे तपन जब लोग सहन नहीं कर सके तो बाजार में भी सन्नाटा पसर गया। चिलचिलाती धूप ने लोगों को काफी परेशान किया। वहीं कुछ लोग धूप से बचने के लिए छांव तलाशते नजर आए। रविवार का दिन छुट्टी का दिन होने से थोड़ी राहत रही स्कूल जाने वाले बच्चे एवं आफिस जाने वालों को राहत मिली। मगर बाहर निकलने वाले सूरज की तेज धूप से बच न सके। शाम छह बजे के बाद तापमान में थोड़ी कमी जरूर आई, लेकिन बेचैनी में कोई कमी नहीं रही। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दो दिनों में कोई राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है। अनुमान है कि इस बार तापमान पुराने कई रिकार्ड भी तोड़ देगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.