चिलचिलाती धूप में हालत को रही खस्ता, बढ़ रहे रोगी

फतेहपुर। गर्मी की बढ़ती शिद्दत और चिलचिलाती धूप से अब लोगों को हालत खस्ता होने लगी है। लू और हवाओं के थपेड़ों की वजह से मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। हालत यह है कि शरीर में पानी की कमी के कारण संक्रामक बीमारियों ने जन्म लेना शुरू कर दिया है। जिसका नजारा सदर अस्पताल में देखा जा सकता है। जहां रोज मरीजों की बढ़ती संख्या से चिकित्सकों के भी पसीना छूट जाता है।
बताते चलें कि गर्मी अपने पूरे शबाब पर है। जिसकी वजह से आम अवाम बेहाल है। गर्मी के असर से बीमारियों ने भी अपने पांव पसार दिए हैं। हालत यह है कि गर्मी की चिलचिलाती तेज धूप और गर्म हवाओं के तेज थपेड़ों का अवाम पर बुरा असर पड़ रहा है। मौसम की मार से मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। शरीर में पानी की कमी की वजह से अन्य बीमारियां भी सिर उभार रही है। उधर चिलचिलाती धूप के बीच दोपहर के समय मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहता है। जरूरी कार्यों की वजह से बाहर निकलने वाले लोग अपने शरीर को सूती कपड़ों से ढक कर ही निकल रहे हैं। कुछ युवतियां व महिलाएं छतरी के सहारे अपने काम निपटाती हैं। उधर पुरूष भी बाहर निकलते समय अपने चेहरे को अंगौछे से बंद कर रहे हैं। गर्मी में हो रही विद्युत कटौती कोढ़ में खाज का काम कर रही है। दोपहर के साथ-साथ रात में होने वाली अघोषित विद्युत कटौती से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है। गर्मी की वजह से लोग बिलबिला रहे हैं। सबसे अधिक महिलाओं व बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूलों में गर्मियांे की छुट्टियां हो जाने की वजह से बच्चे घरों में पूरा दिन रहते हैं। विद्युत न मिलने के कारण बच्चे भी बेहाल रहते हैं। लोगों का मानना है कि जल्द ही मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.