संपूर्ण समाधान दिवस में नारियों के अपमान पर भड़के विधायक – डीएम से मिलकर मामले से कराया अवगत – सीडीओ समेत तहसीलदार पर लगाए गंभीर आरोप

फतेहपुर। पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाए जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशन में लगाए जाने वाले संपूर्ण समाधान दिवस में आज एक गंभीर प्रकरण सामने आया। बिंदकी तहसील प्रांगण मंे फरियादियों की शिकायत सुनते समय महिलाओं को अपमानित किया गया। नारियों के अपमान पर बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी व जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल भड़क गए। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यालय आकर जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे से मुलाकात कर मामले से अवगत कराया। आवाज उठाई कि ऐसे अधिकारियों पर लगाम लगाई जाए जिससे संपूर्ण समाधान दिवस का मकसद सार्थक हो सके।
जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे से मिलकर आए बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने बताया कि आज बिंदकी तहसील प्रांगण में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता मंे हुआ था। जहां तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी पीड़ितों की समस्याएं सुन रहे थे। संपूर्ण समाधान दिवस की वास्तविकता जानने के लिए उनके साथ जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल, मंडल अध्यक्ष समेत अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी तहसील पहुंचे थे। जहां उन्होने देखा कि शिकायत लेकर आने वाले प्रधान को सीडीओ ने अपमानित किया। इसके बाद अपनी फरियाद लेकर तहसील पहुंची महिलाओं को भी अपमान का घंूट पीना पड़ा। तहसीलदार ने नारियों का घोर अपमान किया और तहसील से निकल जाने को कहा। अधिकारियों का यह रवैया बिल्कुल ठीक नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारियों के सम्मान को जहां सर्वोपरि बताया है वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ पीड़ितों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निस्तारण करने के निर्देश भी समय-समय पर देते रहते हैं। इसके बावजूद अधिकारियों का यह रवैया समझ से परे है। उन्होने कहा कि इस बाबत उन्होने डीएम अपूर्वा दुबे से मुलाकात कर संपूर्ण प्रकरण की जानकारी दी है। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विधायक ने कहा कि जो अधिकारी शासन की मंशा पर खरा न उतरे ऐसे अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, अपना दल जिलाध्यक्ष अनिल उमराव समेत बीजेपी मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.