आसमान से बरसे शोलों ने झुलसाया बदन – सूरज के साथ चढता गया तापमान, घरों में दुबके लोग

फतेहपुर। आसमान से बरस रही आग और लू के थपेड़ों से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। सोमवार को मौसम में और भी भीषण गर्मी रही। 46 डिग्री सेल्सियस के तापमान में जो भी व्यक्ति घर से बाहर निकला तो गर्म तेज हवाओं ने उन्हे झुलसाने में कोई कमी नहीं की। दिन भर लोग धूप व लू से बचते दिखे। मौसम में तापमान का बढना अभी तक जारी है। ऐसे में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है और भीषण गर्मी के चलते लोगों में त्राहि-त्राहि मची है।
आज सुबह छः बजे से ही लोगों को गर्मी का सितम सहना पडा। भोर से ही लोगों के पसीने छूटने लगे। सात बजते ही कड़ी धूप ने लोगों को यह बताया कि अभी उन्हे गर्मी से निजात नहीं मिलने वाली है। दिन भर लोगों को चिलचिलाती धूप व लू के थपेडों से जूझना पड़ा। गर्मी के कारण घर से निकलना मुश्किल हो गया। बदन को झुलसाने वाली गर्मी से जनमानस कराह उठा है। 23 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने सबको हिला कर रख दिया है। दोपहर को ही पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। ऐसे में लोग घरों में ही दुबकने के लिए मजबूर हो गये। हालाकि कामकाजी महिलाएं रही हो या फिर रोज कमाने खाने वाले मजदूर बदन को झुलसाकर मेहनत मजदूरी करते देखे गए। शाम छः बजे तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। स्कूल कालेजों में छुट्टियां होने की वजह से बच्चे घरों में ही कैद रहे। हालाकि कोचिंग, ट्यूशन पढने वाले छात्र-छात्राओं को दहकते सूरज की किरणों का मुकाबला करना पडा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.