निरहुआ बोले- पूरा देश चाह रहा आजमगढ़ में भाजपा जीते, 7000 वोटों से आगे; रामपुर में सपा ने बनाई बढ़त

 

आजमगढ़ और रामपुर में लोकसभा उपचुनाव की काउंटिंग चल रही है। शुरुआती रुझान आने लगे हैं। आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ 7 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। अब सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव दूसरे नंबर पर हैं। निरहुआ ने कहा, “पूरा देश चाह रहा है कि आजमगढ़ में भाजपा की जीत हो। पूरी आजमगढ़ की जनता ने निरहुआ बनकर वोट किया। रामपुर में सपा प्रत्याशी आसिम राजा 167 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा से घनश्याम लोधी दूसरे नंबर पर हैं। दोनों जगहों पर शुरुआती रुझान से ही सपा और भाजपा में टक्कर देखी जा रही है।

सपा प्रत्याशी की पुलिस से नोकझोंक
आजमगढ़ में मतगणना से पहले सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हो गई। धर्मेंद्र स्ट्रांग रूम में जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोक लिया गया। इस पर उन्होंने EVM बदलने का आरोप लगाया। धर्मेंद्र ने पुलिसकर्मियों से कहा, अंदर क्यों नहीं जाने दिया जा रहा है। क्योंकि वहां आप लोग घोटाला कराना चाहते हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि मतगणना निष्पक्ष हो रही है।

रामपुर में सपा के आसिम राजा और भाजपा के घनश्याम लोधी के बीच मुकाबला है। आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव, भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ और बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्‌डू जमाली के बीच त्रिकोणीय टक्कर है। 23 जून को इन दोनों सीटों पर वोटिंग हुई थी।
तीन लेयर के सुरक्षा इंतजाम, ड्रोन से निगरानी
आजमगढ़ में बेलइसा में मतगणना स्थल है। एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि सुरक्षा के तीन स्तरों वाले इंतजाम हैं। पहले लेयर में पैरामिलिट्री फोर्स लगाई गई है। इसके बाद आर्म्ड और पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। जिले में 6 संवेदनशील पॉइंट की पहचान की गई है, जहां पैरामिलिट्री लगाई गई है।

आसपास के इलाकों में ड्रोन से निगरानी कराई जा रही है। बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया गया है। मतगणना केंद्र पर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित है। शनिवार शाम को कमिश्नर विजय विश्वास पंत, डीआईजी अखिलेश कुमार, डीएम विशाल भारद्वाज ने मतगणना केंद्र का दौरा किया था।

आजमगढ़ में 49.48% मतदान हुआ था
आजमगढ़ में 49.48% प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां पांच विधानसभाएं हैं- मुबारकपुर, आजमगढ़, मेंहनगर, सगड़ी और गोपालपुर। मुबाकरपुर में सबसे ज्यादा 51.70% मतदान हुआ। सगड़ी में 49.46%, गोपालपुर में 49.91% और सबसे कम मेंहनगर में 46.57% मतदान हुआ था। आजमगढ़ में 13 प्रत्याशी मैदान में रहे हैं।

400 जवान मतगणना केंद्र की सुरक्षा में लगे
रामपुर में करीब 400 जवान मतगणना केंद्र की सुरक्षा में लगे हैं। यहां भी ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। मतगणना केंद्र में मोबाइल की एंट्री बैन है। रामपुर में उपचुनाव के लिए कुल 6 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा के बीच हैं। अहम बात यह है कि यहां करीब 21 महीने बाद जेल से बाहर आए आजम खान ने अपने प्रत्याशी आसिम राजा के लिए प्रचार किया। आजम ने प्रचार के दौरान यहां तक कहा था कि अगर राजा हार गए तो वह किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे।

रामपुर में 41.71% मतदान हुआ था
रामपुर में सबसे ज्यादा मतदान बिलासपुर विधानसभा में हुआ था। सबसे कम वोटिंग का प्रतिशत शहर विधानसभा सीट पर रहा। स्वार में 42.29%, चमरऊवा 44.24%, बिलासपुर 46.13%, सदर रामपुर 31.45% और मिलक विधानसभा में 44.44% वोटिंग हुई थी। शहर विधानसभा में 3 लाख 88 हजार 994 मतदाता हैं। इनमें से सिर्फ 1 लाख 22 हजार 323 मतदाताओं ने वोट डाले।

  • आजमगढ़: आजमगढ़ में मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है। सपा ने धर्मेंद्र यादव, भाजपा ने भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ को उतारा था। बसपा ने शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को मैदान में उतारा था।
  • रामपुर: लड़ाई सपा और भाजपा के बीच है। सपा ने आजम खान के करीबी आसिम राजा पर दांव लगाया। भाजपा से घनश्याम लोधी मैदान में थे, जो आजम खान के करीबी रहे हैं। वह 2022 के विधानसभा चुनाव से 2 महीने पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे। बसपा ने रामपुर में प्रत्याशी नहीं उतारा।
  • निरहुआ: 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ को ढाई लाख से अधिक वोट से हराया था। मगर, इस बार लड़ाई में बसपा भी है और यह त्रिकोणीय हो गई है।
  • कांग्रेस: 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में बुरी तरह हारी कांग्रेस इस बार उपचुनाव नहीं लड़ रही है। कांग्रेस ने रामपुर और आजमगढ़ दोनों जगहों पर प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।
Leave A Reply

Your email address will not be published.