अनियमितता पूर्ण की जा रही आशा संगिनी पदों पर भर्ती – आशा बहू ने डीएम व मुख्य चिकित्साधिकारी को दिया प्रार्थना पत्र

फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र की आशा बहू शमा परवीन ने जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि ब्लॉक मलवां के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज में आशा संगिनी के तीन पदों पर भर्ती की जानी है, किंतु आशा संगिनी के पदों को भरने में विभागीय अधिकारी पारदर्शिता पूर्ण रवैया नहीं अपना रहे हैं और गुपचुप तरीके से भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण करने का कुचक्र रच रहे हैं।
शिकायतकर्ता आशा बहू शमा परवीन ने बताया कि वह स्नातक पास हैं और गत पांच वर्षों से आशा बहू के पद पर कार्यरत हैं। बताया कि आशा संगिनी के तीन पदों पर पीएचसी गोपालगंज में भर्ती होनी हैं जिसके लिए वह भी दावेदार हैं। कई प्रयास किए, परंतु कोई अवसर प्रदान नहीं किया जा रहा है और न ही विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई की जा रही है। श्रीमती परवीन ने आरोप लगाते हुए यह भी बताया कि भर्ती प्रक्रिया गुपचुप तरीके से की जा रही है। अपने जान-पहचान व दूरदराज के रिश्तेदारों का चयन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आशंका जाहिर करते हुए बताया कि शायद लेन-देन करके उक्त भर्तियों की प्रक्रिया पूर्ण की जा सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी से आशा संगिनी के पदों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने की मांग करते हुए खुली भर्ती प्रक्रिया को अपनाने की गुहार लगाई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.