दुनिया के सबसे बड़े चॉकलेट प्लांट में मिला साल्मोनेला बैक्टीरिया, आंतों को कर देता है खराब, प्लांट में चॉकलेट बनाने पर लगी रोक

 

बेल्जियम में बने दुनिया के सबसे बड़े चॉकलेट प्लांट में साल्मोनेला बैक्टीरिया मिला है। इसके बाद प्लांट में चल रहे काम पर रोक लगा दी गई है। प्लांट से जहां-जहां चॉकलेट से बने प्रोडक्ट भेजे गए हैं, उन सभी को बैक्टीरिया पाए जाने की सूचना दे दी गई है। फिलहाल डीलर्स को प्रोडक्ट बेचने से मना कर दिया गया है।

यह दूसरी बार है जब साल्मोनेला बैक्टीरिया मिला है। इससे पहले दक्षिणी बेल्जियम के आर्लोन में किंडर चॉकलेट बनाने वाली फेरेरो फैक्ट्री में मिला था।

बेल्जियम के विएज शहर में दुनिया का सबसे बड़ा प्लांट बना है। ये प्लांट बैरी कैलेबॉट कंपनी का है। यहां पर लिक्विड चॉकलेट बनाई जाती है। इस प्लांट से कई बड़े ब्रांड्स को चॉकलेट से बने प्रोडेक्ट्स सप्लाई किए जाते हैं, जिसमें हर्षी, मोंडेलेज, नेस्ले और यूनिलीवर शामिल हैं।

बैक्टीरिया पाए जाने के बाद कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि सभी ब्रांड्स को 25 जून से बने किसी भी प्रोडेक्ट को बेचने से मना कर दिया गया है। इस मामले को लेकर बेल्जियम की फूड सेफ्टी एजेंसी AFSCA को भी सूचित कर दिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

क्या है साल्मोनेला बैक्टीरिया?

साल्मोनेला एक ऐसा बैक्टीरिया है, जिससे टाइफाइड और साल्मोनेलोसिस जैसी बीमारियां होती हैं। यह आमतौर पर पक्षियों, जानवरों और इंसानों की आंतों को प्रभावित करता है। मनुष्यों में यह ज्यादातर अंडा, कच्चा मांस या उससे बनी चीजें या गंदे फल-सब्जियों से फैलता है। इसके अलावा यह सांप, कछुए और छिपकली से भी फैलता है। यह बैक्टीरिया सबसे ज्यादा छोटे बच्चों और बुजुर्गों को शिकार बनाता है।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो साल्मोनेला बैक्टीरिया के इन्फेक्शन का पता 6 से 36 घंटों के अंदर चल जाता है। अगर किसी की बॉडी में ये बैक्टीरिया है तो डायरिया, पेट दर्द, उलटी, बुखार, सिर दर्द और जी मिचलना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

कैसे फैलता है बैक्टीरिया?

  • एक्सपर्ट्स मुताबिक, ये बैक्टीरिया कच्चे फल और सब्जियों में छिपा हो सकता है, इसीलिए फल-सब्जी को गुनगुने पानी में धो लेना चाहिए।
  • साल्मोनेला बैक्टीरिया कच्चा या अधपका मांस, मुर्गी पालन, अंडे से बने प्रोडक्ट खाने से भी हो सकता है।
  • बेबी डायपर बदलने के बाद ठीक से हाथ न धोने से भी संक्रमण फैल सकता है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.