दोगुनी उम्र का दूल्हा देखकर दुल्हन ने तोड़ा दम, पढ़िये पूरी खब़र

 

फतेहपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दोगुनी उम्र का दूल्हा देखकर दुल्हन ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल, पुलिस तक मामला नहीं पहुंचा है। घटना के बाद दूल्हे को बारात लेकर वापस लौटना पड़ा। दुल्हन 20 साल की थी, जबकि दूल्हा 47 साल का है।

मामला औंग थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां कानपुर के महाराजपुर से रविवार को औंग गेस्ट हाउस में बारात आई थी। नाश्ता पानी के बाद देर रात गाजे-बाजे के साथ अगवानी की रस्म शुरू हुई। घराती और बराती द्वाराचार में व्यस्त थे। इस दौरान दुल्हन दूल्हे पर अक्षत फेंकने छत पर आई। उम्र दराज दूल्हे को देखकर वह परेशान हो उठी। वह रोते हुई सीधा कमरे में गई। कमरा बंद कर जहर खा ली।

कानपुर ले जाते वक्त दुल्हन ने तोड़ा दम
दुल्हन जब कमरे से काफी देर तक नहीं निकली, तो परिजन दरवाजा खुलवाने आ गए। काफी मनाने के बाद दुल्हन ने दरवाजा खोला। उसने परिजनों को जहर खाने की बात बताई। इसके बाद परिजन उसे औंग के निजी चिकित्सालय ले गए। जहां डॉक्टर ने उसकी हालत को नाजुक देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते वक्त दुल्हन की मौत हो गई।

खुशियां मातम में बदलीं, वापस लौटी बारात
दुल्हन की मौत की जानकारी होते ही पल भर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हा भी बारात लेकर वापस चला गया। लड़की के रिश्तेदार भी चले गए। हर व्यक्ति कानूनी पचड़े से बचने के लिए अपने गांव चला गया।

परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए किया अंतिम संस्कार
दुल्हन के मौत बाद परिजनों ने पुलिस सूचना नहीं दी। सोमवार सुबह पांडु नदी पर दुल्हन का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में थाना प्रभारी जयचंद भारती ने कहा, “परिजनों ने कोई सूचना नहीं दी है।”

इस मामले पर नाम न छापने की शर्त पर एक व्यक्ति ने कहा, “दुल्हन की बड़ी बहन की शादी भी लगभग दो साल पहले जबरन करवाई जा रही थी, लेकिन शादी के पहले ही वह भाग गई थी। अब वह कहां है किसी को मालूम नहीं। दुल्हन चार भाई बहन थी। पिता की मौत 10 साल पहले हो चुकी है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.