मस्जिद में घुसकर नमाजी की गोली मारकर हत्या, बुर्के में थे 6 हमलावर

 

बुलंदशहर में शुक्रवार सुबह एक 65 साल के शख्स की मस्जिद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। 5-6 हमलावर बुर्के में मस्जिद के भीतर पहुंचे थे। बुजुर्ग नमाज पढ़कर जैसे ही उठे, हमलावरों ने उसके सीने और सिर पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह वहीं गिर गया और हमलावर फरार हो गए। ये मामला खुर्जा थाना क्षेत्र का है।

सूचना पाकर एसएसपी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला रंजिश का सामने आया है।

साढ़े छह बजे मस्जिद पहुंचे थे इदरीश
खुर्जा नगर के रहने वाले इदरीश कबाड़ का काम करते थे। बेटे आस मोहम्मद ने बताया, ”सुबह फजर के नमाज की अजान साढ़े 5 बजे हुई। अब्बू नमाज पढ़ने के लिए लेट हो गए थे। वे शेखपेन की मस्जिद में करीब साढ़े 6 बजे मस्जिद पहुंचे। इसी समय उन पर हमला हुआ।”

मौके पर मौजूद स्टाफ ने बताया, “लोग 5.30 बजे नमाज पढ़कर चले गए थे। इदरीश करीब 6.30 बजे मस्जिद पहुंचे थे। नमाज पढ़ कर वह उठने ही वाले थे। तभी पीछे से 5-6 हमलावर बुर्का पहन कर अंदर आ गए। जब तक उनसे कोई कुछ पूछता, उनमें से दो ने हथियार निकाल लिए। उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।”

स्टाफ ने बताया, ”हम मस्जिद में काम करने वाले 7-8 लोग थे। इसमें मुतवल्ली (मस्जिद के प्रबंधक) और सफाई करने वाले लोग शामिल हैं। हथियार देखकर हम लोग डर गए और भागकर बाथरूम और कमरों में छिप गए। हमने दरवाजे की दराज से देखा कि हमलावरों ने 4-5 गोलियां मारी और हथियार लहराते हुए निकल गए।”​​​​​​

सरफराज नाम के शख्स से चल रही रंजिश
एसएसपी श्लोक कुमार ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौजूद लोगों से बात करके जानकारी ली। उन्होंने कहा, “पूछताछ में पता चला है कि थोड़ी दूर रहने वाले सरफराज से इदरीश की रंजिश चल रही थी। घटना का सीसीटीवी भी मिला है। शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा हो जाएगा।”

”रंगदारी नहीं दी तो मार दी गोली”
इदरीश की पत्नी फहमीदा ने बताया,”उनकी मोहल्ले में ही रहने वाले सरफराज से रंजिश चलती थी। वह बदमाश किस्म का आदमी है। दो साल पहले हमारे बेटे इमरान से रंगदारी मांगी थी। इसके बाद इदरीश ने मुकदमा दर्ज कराया था। सरफराज तब जेल गया था। कुछ महीनों बाद वह जब छूट कर आया तो उसने मोहल्ले में कहा था, ‘इनसे जेल जाने से लेकर आने तक का रुपया वसूल करूंगा।’ इसी रंजिश में उसने फिर धमकी दी थी, जिसे नजरअंदाज कर दिया था। आज वह अपने साथियों के साथ बुर्का पहन कर मस्जिद पहुंचा और इदरीश को गोली मार दी।”

बताया जा रहा है कि सरफराज हिस्ट्रीशीटर है। उस पर लगभग 25 मुकदमे दर्ज हैं। इदरीश के घर से लगभग सौ मीटर दूर ही उसका घर भी है। फिलहाल वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में है।

इदरीश के 5 बच्चे, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
इदरीश के घर में पत्नी और 5 बच्चे हैं। इसमें आस मोहम्मद (40), अनवर (35), इरफान (30), इमरान (28) और फारूक (24) हैं। सभी कबाड़ का काम करते हैं और इनका मैगी का थोक का व्यापार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.