नोटों की फैक्ट्री, छप रहे थे नकली नोट, डेढ़ करोड़ रुपए की बरामदगी

 

बीकानेर में नकली नोटों की बड़ी फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। करीब डेढ़ करोड़ रुपए के नोट अब तक पकड़े जाने की सूचना है, जबकि सुबह तक ये आंकड़ा बढ़ भी सकता है। जयनारायण व्यास कॉलोनी] नोखा और लूणकरनसर पुलिस ने आईजी ओमप्रकाश के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। दावा किया जा रहा है कि नकली नोटों की फैक्ट्री पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बीकानेर में की गई है।

आईजी ओमप्रकाश ने इस पूरी कार्रवाई के बारे में कोई भी जानकारी फिलहाल मीडिया को देने से इनकार कर दिया है। फिर भी रिपोर्ट्स आ रही है कि नोखा के माडिया गांव और बीकानेर शहर के जयनारायण व्यास कॉलोनी एरिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पांच सौ रुपए और दो हजार रुपए के नकली नोट बनाने के लिए बकायदा एक मशीन लगा रखी थी। यहां छपने वाले नोट्स को हवाला में काम आने वाले नोट्स के साथ मिलाकर आगे भेजा जा रहा था। नोट को स्थानीय दुकानों में चलाने के बजाय सीधे हवाला में डाला जा रहा था, जिससे किसी को भनक तक नहीं लग रही थी।

पिछले दिनों आईजी ओम प्रकाश पासवान को इस बारे में जानकारी मिली थी। जिसके बाद पुलिस की खुफिया टीम को रिपोर्ट दी गई। इस टीम ने ही नकली नोट की टीम का भंडाफोड़ किया। रीट परीक्षा में व्यस्तता के बाद भी पुलिस की एक टीम इसी काम में जुटी रही। शनिवार दोपहर में पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया लेकिन किसी को कानोकान खबर नहीं होने दी। शनिवार देर शाम मीडिया में नकली नोटों पर कार्रवाई की जानकारी आई लेकिन अधिकारी इसकी पुष्टि करने से बचते रहे।

अब तक छह हिरासत में

नकली नोट छापने के आरोप में पुलिस ने अब तक छह लोगों को हिरासत में लिया है, जिसमें तीन बीकानेर से और तीन नोखा से हिरासत में लिए गए। इन सभी से पूछताछ के बाद बड़ी संख्या में नकली नोट बरामद भी हो गए हैं। फिलहाल ये मात्रा एक से डेढ़ करोड़ रुपए के बीच में आंकी जा रही है। सभी छह आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद रविवार को गिरफ्तार किया जा सकता है। अब तक पकड़े गए नोखा के आरोपियों में एक सुरपुरा, दूसारा बेरासर और तीसरा गुंसाईसर गांव का बताया जा रहा है। सुरपुरा का युवक इसमें मुख्य सरगना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि लूणकरनसर में भी पुलिस ने सीओ के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया है। देर रात वहां से भी कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कुछ सामान भी बरामद किया गया है।

असली नोट जैसा कागज, मशीन बरामद

बताया जा रहा है कि पुलिस को हाई क्वालिटी का कागज और मशीन भी मिली है। जिस मशीन से नोट छापे जा रहे थे, उस मशीन को पुलिस जब्त किया है। देर रात तक जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस में नोटों की गिनती की जा रही थी। इस मामले में नोट एक्सपर्ट का सहयोग भी लिया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.