बिजली गिरने से UP में 10, बिहार में 11 लोगों की मौत

 

 

देश के ज्यादातर राज्यों में भारी बारिश हो रही है। कई जगहों पर बाढ़ के हालात हैं। पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने से बिहार में 11 लोगों की, तो उत्तर प्रदेश में 10 लोगों की मौत हो गई। आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी में आई बाढ़ से अब तक 7 लोगों की जान जा चुकी है। राजस्थान के जोधपुर में पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई।

मानसून की शुरुआत से अब तक गुजरात में 100 और महाराष्ट्र में भी 110 से अधिक लोगों की मौत हुई है। असम में इस साल बाढ़ और भूस्खलन के कारण 197 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में गोवा, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, केरल, कर्नाटक, दिल्ली और हरियाणा में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

राजस्थान: जोधपुर में 24 घंटे में बरस गया पूरे मानसून का 84% पानी
जोधपुर के बावड़ी कस्बे में मिट्‌टी के अवैध खनन के कारण बने गहरे गड्‌ढे में पानी भर गया है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे पास की बस्ती के 5 बच्चे यहां नहाने चले गए थे। पानी में उतरते ही पांचों डूबने लगे। पास के लोगों ने एक बच्चे को बचा लिया, लेकिन बाकी चार डूब गए।

दूसरी घटना मंडोर क्षेत्र में बहने वाले बेरी गंगा में हुई। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे नदी के झरने के बहाव क्षेत्र में पास का रहने वाला 10 साल का युवक तेज धार में बह गया। वह अपने दो दोस्तों के साथ घूमने गया था। उसे बचाने के लिए लोग पानी में उतरे पर उसे बचा नहीं सके।

पिछले 24 घंटे: पूरे प्रदेश में इस सीजन में अब तक 55% से ज्यादा बारिश हो चुकी है। वहीं, जोधपुर में पूरे मानसून में होने वाली बारिश का 84% पानी 24 घंटे में ही बरस गया। मंगलवार शाम तक यहां 180MM तक बारिश दर्ज की जा चुकी।

अगले 24 घंटे: आज और कल प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है। सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना जोधपुर में है।

पिछले 24 घंटे: UP में मंगलवार शाम को कई शहरों में जोरदार बारिश हुई। कानपुर में इस मानसून की सबसे तेज बारिश हुई। यहां दो घंटे में 16 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। घरों और फैक्ट्री तक में पानी घुस गया। उधर, तेज बारिश में आकाशीय बिजली गिरने से प्रदेश में 10 लोगों की मौत हो गई।

अगले 24 घंटे: मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रयागराज, लखनऊ, चंदौली, मऊ, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, बांदा, आगरा, मेरठ में बारिश की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि 30 जुलाई तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.