मुराइनटोला के विवादित स्थल पर रहा प्रशासनिक पहरा

फतेहपुर। गुजरे साल 2019 में शहर के मुराइनटोला मैदान में ताजिया अपने कदीमी रास्ते से निकालने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जिसके बाद ताजिया अपने निर्धारित मार्ग से न जाकर पुनः इमामबाड़े आकर समाप्त हो गया था। इस विवाद को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन इस बार पहले से ही सतर्क रहा। पीस कमेटी की बैठक में जहां दोनों समुदायों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे वहीं राइन समाज व जिला प्रशासन की ओर से विवादित स्थल के समीप बैरीकेटिंग करके स्टाल लगाया गया था। स्टाल पर एसडीएम सदर नंद प्रकाश मौर्य, पुलिस उपाधीक्षक नगर दिनेश चंद्र मिश्रा, शहरकाजी सईदुल इस्लाम अब्दुल्ला के अलावा राईन समाज की ओर से मो. शमीम अहमद मंचासीन रहे। सभी ताजियों का मैदान पर इस्तकबाल किया गया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। ड्रोन कैमरे की मदद से विवादित स्थल की निगरानी भी की जाती रही। सभी ताजिये मुराइनटोला मैदान पर बने इमामबाड़े से उठे और अपने निर्धारित मार्गों के लिए शांतिपूर्वक रवाना हो गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.