स्वतंत्रता दिवस पर दो शहरों में बवाल, तिरंगा यात्रा के दौरान पथराव, प्रयागराज में युवक को मारी गोली

 

 

देश आजादी का जश्न मना रहा है। इस बीच लखनऊ और प्रयागराज में हंगामा हुआ है। लखनऊ के बंगला बजार इलाके में कुछ लोग तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। इसी बीच दूसरे पक्ष से किसी बात पर विवाद हो गया। यह झगड़ा मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गया।

प्रयागराज में तिरंगा यात्रा के दौरान डीजे बजा रहे युवक को तमंचे से गोली मार दी गई। घटना घूरपुर थाना क्षेत्र के घूरपुर कस्बे की है। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

लखनऊ में आजादी के जश्न के मौके पर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। आशियाना के बंगला बाजार इलाके में स्थित चंद्रिका देवी मंदिर के सामने दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। इसी दौरान दुकानों और मकानों पर पत्थर चलाए जाने लगे। इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं। कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।

एक ही समुदाय के युवक पुरानी रंजिश में भिड़े
पुलिस का दावा है कि यह घटना किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है। इसी वजह से तिरंगा यात्रा के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद शुरू करने वाला हिस्ट्रीशीटर है। बवाल की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया।

कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। जबकि मामले में 9 नामजद, 14 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस पर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के आदेश दिए गए हैं।

लेकर आए थे पत्थर
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दो गुटों में सुबह बवाल हुआ था। एक गुट के 7-8 लोग दूसरे गुट के लोगों को मारने के लिए ईंट-पत्थर लेकर आए थे। उन्होंने ही पत्थर फेंके। बताया जा रहा है कि जब तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी, तभी पत्थरबाजी हुई।

मामूली कहासुनी पर मारी गोली
प्रयागराज में तिरंगा यात्रा निकालने के दौरान किसी बात को लेकर डीजे संचालक और तिरंगा यात्रा में शामिल युवकों में कहासुनी हो गई। तैश में आकर एक युवक ने कमर में लगा तमंचा निकाल लिया, जब तक कोई कुछ समझ पाता युवक ने डीजे बजाने वाले युवक पर फायर कर दिया।

पीड़ित युवक मनोज कुमार पटेल ग्लास फैक्ट्री क्षेत्र का रहने वाला है। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी नीरज कुमार निषाद पुत्र लालता प्रसाद निषाद निवासी छोटा कंजारा को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। तिरंगा यात्रा में शामिल युवकों ने बताया कि नीरज ने 315 बोर के तमंचे से मनोज को गोली मारी है।

SP बोले- पीड़ित की तहरीर का इंतजार
SP जमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि गोली मारने वाले युवक नीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.