आधी रात को कब्र से निकाला गया लड़की का शव, एसडीएम रहे मौजूद, जानें वजह

 

 

यूपी के बस्‍ती जिले में देर रात को एक लड़की का शव कब्र से निकाला गया। इस दौरान एसडीएम भानपुर मौके पर मौजूद रहे। उधर, रुधौली क्षेत्र के एक गांव में भारी फोर्स तैनात रही। शनिवार को यहां लड़का-लड़की की हत्‍या की खबर से सनसनी फैल गई थी।

लड़का-लड़की के अलग-अलग समुदाय के होने के कारण पुलिस-प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। डीआईजी, एएसपी समेत आधा दर्जन थानों की फोर्स गांव पहुंच गई। मामला हॉरर किलिंग का माना जा रहा है। लड़की का शव परिजनों ने दफना दिया था। पहले तय हुआ कि शव को रविवार को निकाला जाएगा, लेकिन देर रात एसडीएम भानपुर गिरीश कुमार झा की मौजूदगी में शव कब्र से निकाला गया।

रुधौली के एक गांव के युवक का शव शनिवार शाम गन्ने के खेत में अर्द्धनग्न हालत में मिला। शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव का एक युवक शुक्रवार रात उसे बुलाकर ले गया था। उनका बेटा उस युवक के घर पर ट्रैक्टर चलाता था। उसके बाद वह नहीं लौटा।

युवक की तलाश में जब परिजन उसके घर गए तो पता चला कि उनके घर की एक युवती की भी रात में मौत हो गई है, जिसे शनिवार दिन में दफना दिया गया। घरवालों की सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष रुधौली रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि मामला आशनाई का है। यह हॉरर किलिंग की हो सकती है। जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.