सरिया से तोड़ रहा ATM, तभी दौड़ते हुए पहुंचे पुलिस के दो जवान, रंगे हाथ युवक को पकड़ा

 

 

आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र में ATM तोड़ रहे लड़के का लाइव वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक लड़का सरिया से ATM तोड़ रहा है। इसी बीच दौड़ते हुए दो सिपाही पहुंचते हैं और पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है।

पुलिस के अनुसार, संजय प्लेस पुलिस चौकी क्षेत्र में एक ATM लगा है। शनिवार की भोर 3 बजे के लगभग एक लड़का चेहरे पर मास्क लगाकर ATM रूम में घुस गया। लोहे की सरिया से कैश बॉक्स तोड़ने लगा।

काफी प्रयास के बाद जब कैश बॉक्स नहीं तोड़ पाया तो वापस जाने की तैयारी करने लगा। इसी दौरान वहां नाइट ड्यूटी कर रहे सिपाही शुभम अहलावत और एक अन्य सिपाही मौके पर पहुंच गए। ATM रूम में कुछ गलत हरकत की भनक लगी। तत्काल दौड़ते हुए वह अंदर पहुंचे और ATM तोड़ रहे लड़के की पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार लड़के का नाम रवि कुमार है। वह जीवनी मंडी का रहने वाला है।

पुलिस की सक्रियता की तारीफ
ATM तोड़ रहे लड़के को जिस सक्रियता के साथ पुलिस ने पकड़ा, उसकी तारीफ सोशल मीडिया पर लोग कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा… ATM तोड़ते लाइव, गिरफ्तारी भी लाइव… दोनों सिपाहियों की बहादुरी और सतर्कता वाकई काबिल-ए-तारीफ है। यूपी पुलिस के अच्छे कामों को लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर पुलिस छवि सुधार अभियान चलाने वाले सिपाही सचिन कौशिक ने भी दोनों जवान की तारीफ की।

72 घंटे में दूसरी वारदात
आगरा में ATM पर सुरक्षाकर्मी न होने के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। 26 अगस्त की सुबह शाहगंज थाने के कोठी मीना बाजार के पास ATM को नाबालिग युवक ने तोड़ने का प्रयास किया था। पुलिस ने उसे रंगे हाथ पकड़ा था। आरोपी के पास से दो ATM एस एंड जी डिवाइस और 4 बैट्री बरामद हुई थी। आरोपी ने 16 अगस्त को शाहगंज के केदार नगर स्थित इंडिया वन बैंक के ATM को तोड़ने का प्रयास किया था। जनवरी से अब तक ATM तोड़ने के प्रयास का यह 5वां मामला है। SP सिटी विकास कुमार ने बताया कि बैंकों को चिह्नित ATM की सुरक्षा के लिए गार्ड रखने के लिए पत्र लिखा जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.