अंबानी-अडानी के हाथों देश लुटाने को तैयार मोदी सरकार: मुकुट – अभाकिस के जिला सम्मेलन में 19 सदस्यीय जिला कौंसिल का हुआ चुनाव

फतेहपुर। अखिल भारतीय किसान सभा का 11 वां जिला सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसमें किसान आंदोलन पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों को उजागर किया गया। जिला सम्मेलन के दौरान उन्नीस सदस्यीय जिला कौंसिल का चुनाव सर्वसम्मति से कराते हुए कमेटी का गठन किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री का. मुकुट सिंह यादव ने कहा कि तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ 13 महीने लंबा ऐतिहासिक किसान आंदोलन चला। जिसके चलते सरकार को यह कानून वापस लेना पड़ा। उन्होने विस्तार से मोदी सरकार की किसान व देश विरोधी नीतियों को उजागर किया। उन्होने कहा कि अंबानी व अडानी के हाथों देश लुटाने के लिए मोदी सरकार जुटी है। हर चीज को बेंचा जा रहा है और निजीकरण किया जा रहा है। जिसकी बेतहाशा मार मेहनतकश अवाम को ही सहनी पड़ेगी। असली मुद्दों पर बहस और लड़ाई को हिंदू-मुस्लिम मुद्दे में बदल रहे हैं। विरोध करने वालों को दमनकारी कानूनों का शिकार बनाया जा रहा है। आज देश, संविधान, संसद की मर्यादा खतरे में है। जिला मंत्री गोवर्धन सिंह ने सम्मेलन में पिछले सालों की गतिविधियों की रिपोर्ट रखी। जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके बाद 19 सदस्यीय जिला कौंसिल का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। जिसमें का. गोवर्धन सिंह को जिलाध्यक्ष, का. रमेश सिंह यादव को उपाध्यक्ष, का. आलोक गुप्ता को जिला मंत्री, का. भारत सिंह यादव को संयुक्त मंत्री व का. मकदूम पाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। जिला कमेटी में का. नरोत्तम सिंह, भारत सिंह, फैयाज अहमद व अवधेश पासवान को सर्वसम्मति से चुना गया। सम्मेलन का समापन का. नरोत्तम सिंह के अध्यक्षीय भाषण से हुआ। भदोही में 2, 3, 4 अक्टूबर को होने वाले राज्य सम्मेलन के लिए का. गोवर्धन सिंह व का. आलोक गुप्ता को चुना गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.