कंपोजिट सिलेंडर का विधायक ने किया शुभारंभ – पारदर्शी होने से गैस का स्तर दिखेगा: सुनीता माहेश्वरी – आधुनिक रसोई घरों की दृष्टि से आकर्षक: दुर्गाशंकर

खागा/फतेहपुर।नगर के माहेश्वरी मार्केट स्थित खागा इंडेन गैस सर्विस में इंडियन आयल के नये युग के कम्पोजिट सिलेंडर का शुभारम्भ स्थानीय भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने किया। साथ ही श्रीमती पासवान ने पहली महिला ग्राहक को पारदर्शी कम्पोजिट सिलेंडर देते हुए उपस्थित लोगों से जल्द ही संबंधित सिलेंडर बदलवाने का आहवान भी किया।
विधायक कृष्णा पासवान ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि यह सिलेंडर की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह वजन में काफी हल्का है जिससे ग्राहको को घर में इधर-उधर रखने में अरामदायक है। साथ ही उन्होने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित सिलेंडर पहले वाले सिलेंडर की अपेक्षा ज्यादा बेहतर है। क्षेत्रीय विधायक ने नया सिलेंडर लांच के लिए इंडियन ऑयल को धन्यवाद दिया। प्रोपाइटर सुनीता माहेश्वरी ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि यह आकर्षक फाइबर सिलेंडर ग्राहकों को 5 एवं 10 किलोग्राम वेरिएंट में उपलब्ध होगा। उन्होने बताया कि इंडियन आयल का ये नया कंपोजिट सिलेंडर, पुराने लोहे के सिलेंडर की तुलना में आधे वजन का है। यह ब्लास्ट प्रूफ है यानी आग लगने पर ब्लास्ट नही करेगा, बल्कि पिघल जायेगा। उन्होने बताया कि यह सिलेंडर काफी हद तक पारदर्शी होता है। जिसे देखा जा सकता है कि उसमें कितनी गैस बची है।भाजपा जिला उपाध्यक्ष दुर्गाशंकर गुप्ता ने कंपोजिट सिलेंडर की खासियत बताते हुए कहा कि पारंपरिक लोहे के सिलेंडर के विपरीत कम्पोजिट सिलेंडर सतह पर दाग नहीं छोडता। साथ ही आधुनिक रसोई घरों की दृष्टि से आकर्षक और आदर्श डिजाइन है। उन्होने कहा कि हल्का होने के कारण वेंडरों के साथ-साथ माताओं-बहनों को भी काफी आसानी होगी। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार राजेश माहेश्वरी, रोहित माहेश्वरी, धर्मेन्द्र मिश्रा, श्रीराम साहू, सनी मोदनवाल, पप्पू शुक्ला, रिंकू शुक्ला, धीरेन्द्र सिंह, लाभार्थी आरती यादव एवं अन्य सैकडों लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.