एडीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा – एसडीएम व नायब तहसीलदार ने नाव से भोजन व दवा का किया वितरण

फतेहपुर।यमुना नदी का जलस्तर प्रतिदिन बढ़ रहा है। जिसके चलते ललौली मार्केट के साथ-साथ पलटू का पुरवा में नदी का पानी भर गया है। जिसके चलते लोगों में बाढ़ का खौफ साफ दिख रहा है। बाढ़ से प्रभावित लोगों को बचाए जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से ललौली इंटर कालेज में बाढ़ चौकी व पलटू का पुरवा में बने अस्थाई आश्रय स्थल में लोगों को पहुंचाया जा रहा है। स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनय कुमार पाठक ने पलटू का पुरवा का निरीक्षण किया और आश्रय स्थल में रह रहे लोगों से उनका हाल-चाल जाना। उधर एसडीएम सदर अवधेश निगम व नायब तहसीलदार सदर विकास पांडेय ने नाव से भोजन व बीमार व्यक्तियों के बीच दवा का वितरण किया।
एडीएम ने अस्थाई आश्रय स्थल में रह रहे बाढ़ प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि शासन से मिलने वाली सभी सुविधाएं उन्हें मुहैया कराने का काम किया जाएगा। बाढ़ के कारण आई परेशानियों को कम करने के प्रयास में जिला प्रशासन लगा हुआ है। उन्होने सभी को हिदायत दिया कि बाढ़ प्रभावित इलाके में न जाएं। अस्थाई आश्रय स्थल में सुरक्षित रहें। उधर एसडीएम ने बताया कि विस्थापित परिवारों को दोनों समय भोजन, केला, बिस्कुट व बच्चों के लिए दूध का वितरण किया जा रहा है। आश्रय स्थल पर विद्युत व्यवस्था जनरेटर से की जा रही है। पशुओं के लिए भूसे का भी वितरण किया जा रहा है। डीएम श्रुति के निर्देशन में सदर तहसील प्रशासन लगा है। मेडिकल की टीम भी कैम्पों में सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। डिग्निटी किट जिसमें दो साबुन (नहाने व कपड़े धोने ),सेनेटरी पैक,बाल्टी, डिब्बा व तौलिया का भी एक-एक परिवार को वितरण किया गया।तहसील व जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ पीड़ितों के लिए स्थापित बाढ़ कंट्रोल रूम के माध्यम से भी जरूरतमंदों की मदद की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.