गणेश महोत्सव पर देवालयों व घरों में चल रही पूजा-अर्चना – सुबह-शाम मंदिरों में उमड़ रही भक्तों की भीड़ – आरती के बाद स्टाल लगाकर हो रहा प्रसाद वितरण

फतेहपुर। गणपति बप्पा मोरिया की धूम के साथ गणेश महोत्सव का आगाज हो चुका है। दूसरे दिन भी मंदिरों, देवालयों के साथ-साथ घर-घर स्थापित गणेश प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना व आरती का सिलसिला सुबह व शाम को चल रहा है। आरती के बाद स्टाल लगाकर प्रसाद का वितरण भी जमकर हो रहा है। गणेश महोत्सव को लेकर लोगों में गजब का उत्साह नजर आ रहा है।
मंदिरों व देवालयों के बाहर साउंड सर्विस पर भगवान गणेश के भजन दोनों पहर बज रहे हैं। सुबह निर्धारित समय पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश की आराधना के लिए मंदिरों के साथ-साथ अपने घर पर एकत्र होते हैं। तत्पश्चात आरती में गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु भगवान का आशीर्वाद ले रहे हैं। शुक्रवार को दूसरे दिन भी गणेश उत्सव की धूम शहर के साथ-साथ ग्रामीणांचलों में भी देखने को मिली। मंदिरों में सुबह व शाम दोनों पहर आरती हुई तत्पश्चात स्टाल लगाकर भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। शहर के चौक चौराहा स्थित हनुमान मंदिर, हजारी लाल का फाटक, महाजरी, पक्का तालाब, देवीगंज, राधानगर, आबूनगर, दक्षिणी गौतमनगर सहित तांबेश्वर मंदिर, दुर्गा मंदिर व कालिकन मंदिर में भी भगवान गणेश की पूजा-अर्चना जोर-शोर से चल रही है। भक्तों ने चंदन, सिंदूर, अक्षत फूल, मोदक व धूप-दीप के साथ गणेश जी की पूजा-अर्चना की। गंगाजल से प्रतिमाओं का अभिषेक भी किया। पूजन में मिट्टी की प्रतिमा का महत्व ज्यादा देखने कोे मिला। घरों में प्लास्टिक आफ पेरिस के बजाए मिट्टी की बनी प्रतिमाएं स्थापित कर पूजी गईं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.